North Korea future leader: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ उनकी बेटी अकसर सार्वजनिक मंचों पर नजर आती रही हैं। अब उन्हें लेकर एक दिलचस्प अनुमान लगाया गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने सांसदों को जानकारी देते हुए आकलन किया कि किम जोंग उन की किशोरी बेटी को देश की भावी नेता के तौर पर तैयार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि किम अपने पारिवारिक वंश को चौथी पीढ़ी तक आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठा रहे हैं।
दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया सेवा (National Intelligence Service) का यह आकलन ऐसे समय में सामने आया है, जब उत्तर कोरिया इस महीने के अंत में अपना सबसे बड़ा राजनीतिक सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। इस सम्मेलन में किम के अगले पांच वर्षों के प्रमुख नीतिगत लक्ष्यों की रूपरेखा पेश करने और अपनी सत्ता पर पकड़ मजबूत करने के लिए नए कदमों की घोषणा करने की उम्मीद है।
बंद दरवाजों के पीछे हुई बैठक में राष्ट्रीय खुफिया सेवा के अधिकारियों ने सांसदों को बताया कि वे 13 वर्षीय किम जू-ऐ की गतिविधियों पर करीबी नजर रखे हुए हैं। यह भी देखा जा रहा है कि क्या वह आगामी ‘वर्कर्स पार्टी कांग्रेस’ में अपने पिता के साथ हजारों प्रतिनिधियों के सामने उपस्थित होंगी।
2022 में पहली बार आई थीं नजर
किम जू-ऐ पहली बार नवंबर 2022 में लंबी दूरी की मिसाइल परीक्षण के दौरान सार्वजनिक रूप से नजर आई थीं। इसके बाद वह हथियार परीक्षण, सैन्य परेड और फैक्ट्री उद्घाटन जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में अपने पिता के साथ दिखाई दे चुकी हैं।
उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कयास उस समय तेज हुए, जब वह नए साल के अवसर पर अपने माता-पिता के साथ प्योंगयांग स्थित ‘कुम्सुसन पैलेस ऑफ द सन’ (Kumsusan Palace of the Sun) गईं। यह स्थान उनके दिवंगत दादा और परदादा का समाधि स्थल है। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि किम जू-ऐ को उनके 42 वर्षीय पिता के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में तैयार किया जा रहा है।
इस वजह से बदला आकलन
शुरुआत में दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने इस संभावना पर संदेह जताया था। उनका कहना था कि उत्तर कोरिया की रूढ़िवादी और पुरुष-प्रधान राजनीतिक परंपरा को देखते हुए किसी महिला को सर्वोच्च नेता बनाना असंभव प्रतीत होता है। हालांकि सरकारी मीडिया में किम जू-ऐ की लगातार बढ़ती और प्रमुख उपस्थिति ने अधिकारियों को अपने आकलन पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है।
किम की बेटी के बारे में जानकारी नहीं
गौरतलब है कि 1948 से किम परिवार के पुरुष सदस्य ही उत्तर कोरिया पर शासन करते आए हैं। वर्ष 2010 में किम जोंग उन को 26 वर्ष की उम्र में उत्तराधिकारी घोषित किया गया था। 2011 में अपने पिता किम जोंग इल के निधन के बाद उन्होंने सत्ता संभाली।
पिता के साथ सार्वजनिक मंच पर उनकी बढ़ती मौजूदगी के बावजूद साउथ कोरियाई सरकारी मीडिया ने कभी भी किम जोंग उन की बेटी के नाम का खुलासा नहीं किया है। मीडिया में उन्हें केवल उनकी ‘सम्मानित’ या ‘सबसे प्रिय’ संतान कहकर ही संबोधित किया जाता है।


