Husband Cheats Wife: उत्तर प्रदेश के कानपुर (Kanpur) से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला की शादी उसके लिए खौफनाक अनुभव बन गई। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने अपनी गंभीर बीमारी और पहले से शादीशुदा होने की सच्चाई छिपाकर उससे निकाह किया। जब सच्चाई सामने आई, तो ससुराल पक्ष ने उसे न्याय देने के बजाय दबाव बनाना शुरू कर दिया।
शादी के बाद दिखा अजीब व्यवहार
महिला के मुताबिक, शादी के बाद से ही पति का व्यवहार सामान्य नहीं था। वह उससे दूरी बनाए रखता था और शारीरिक संबंध बनाने से भी कतराता था। इससे महिला को शक हुआ, लेकिन उसे असल कारण का अंदाजा नहीं था।
फाइल से खुला बड़ा राज
एक दिन महिला के हाथ घर में रखी एक फाइल लगी, जिसे पढ़कर उस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दस्तावेजों से पता चला कि उसके पति की दोनों किडनियां खराब हैं और वह छुपकर डायलिसिस करा रहा था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस बीमारी की जानकारी पूरे ससुराल को थी, लेकिन इसे जानबूझकर महिला से छिपाया गया।
किडनी या 20 लाख रुपये की मांग
जब महिला ने इस सच्चाई का विरोध किया, तो ससुराल वालों का असली चेहरा सामने आ गया। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने साफ शब्दों में कहा कि या तो वह अपनी एक किडनी दे दे, या अपने मायके से 20 लाख रुपये लेकर आए ताकि वह ट्रांसप्लांट करा सके। इतना ही नहीं, पति ने यह भी कहा कि पैसे या किडनी मिलने के बाद वह उसे छोड़ देगा और दूसरी शादी कर लेगा।
पहले से शादीशुदा निकला पति
जांच के दौरान महिला को एक और बड़ा झटका लगा। उसे पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है। उसकी पहली पत्नी वाराणसी (Varanasi) में रहती है और उस शादी से उसकी एक बेटी भी है। आरोप है कि दूसरी शादी सिर्फ इलाज के लिए पैसे या किडनी हासिल करने के उद्देश्य से की गई।
सुलह की कोशिशें नाकाम
मामले में काफी समय तक पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र में सुलह की कोशिशें की गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद पीड़िता ने कानूनी रास्ता अपनाया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
चकेरी थाना पुलिस के अनुसार, महिला की शिकायत के आधार पर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बीमारी छुपाने, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


