शाहजहांपुर में एक युवती ने अपनी पसंद के युवक से शादी कर वीडियो बनाया। युवती ने अपील की कि अगर उसके मायके पक्ष की तरफ से कोई शिकायत की जाती है, तो पुलिस कोई कार्रवाई न करे, क्योंकि उसने अपनी मर्जी से शादी की है। यह घटना थाना खुटार क्षेत्र की है। खुटार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का उसी क्षेत्र के एक मोहल्ले के युवक से पिछले करीब दो से तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब दोनों ने शादी करने का मन बनाया, तो परिवार इसके खिलाफ था और शादी से खुश नहीं था। जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले युवती और युवक ने चोरी-छिपे कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसकी भनक युवती के परिवार को नहीं लगी। युवती सही समय आने का इंतजार कर रही थी। कुछ दिन पहले युवती अपने घर से चली गई। परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। रविवार को युवती ने अपना वीडियो बनाकर पोस्ट किया। वीडियो में युवती ने कहा कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और उस पर किसी का कोई जोर-दबाव नहीं है। उसने बताया कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। युवती ने अपनी उम्र 23 साल बताते हुए कहा कि वह बालिग है और अपने निर्णय खुद ले सकती है। युवती ने आगे कहा कि अगर उसके घर वाले कोई कार्रवाई करते हैं, तो उसे न माना जाए। आखिर में युवती ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए कहा, “मम्मी-पापा, मुझे माफ कर देना।” खुटार थाना प्रभारी ने बताया कि युवती की तरफ से एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। इसमें जानकारी दी गई है कि दोनों ने शादी कर ली है और मायके पक्ष उसके साथ कुछ गलत कर सकता है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।


