प्रतापगढ़ के मानधाता थाना क्षेत्र के मिसिरपुर मुस्तर्का गांव के पूर्व ग्राम प्रधान गुलहसन उर्फ मुन्ना हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग से तंग आकर प्रेमिका ने अपने भाई के साथ मिलकर उनकी हत्या करवाई। पुलिस ने शव को नहर से बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूर्व प्रधान की प्रेमिका ने पूछताछ में बताया कि उसका पति अक्सर बाहर रहता था। पिछले करीब दो सालों से गुलहसन उसके साथ अवैध संबंध बना रहा था। महिला इस रिश्ते से परेशान हो चुकी थी और इससे अलग होना चाहती थी, लेकिन गुलहसन तैयार नहीं हुआ। इसके बाद उसने अपने भाई को पूरी बात बताई, जिसके बाद हत्या की साजिश रची गई। योजना के तहत महिला ने गुलहसन को अपने मायके बुलाया। रात में वह उसके कमरे में सोने चला गया। तभी महिला का भाई अतुल गौतम अपने दोस्त अरुण गौतम के साथ वहां पहुंचा। उन्होंने लोहे की रॉड से हमला कर गुलहसन की हत्या कर दी। कॉल डिटेल से प्रेमिका तक पहुंची पुलिस गुलहसन के लापता होने के बाद पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली, जिससे आरोपी महिला तक पहुंचना संभव हुआ। पुलिस शनिवार से ही नहर में शव की तलाश कर रही थी। पानी कम होने के बावजूद शव करीब तीन किलोमीटर दूर बह गया था। रविवार सुबह मानधाता के सुमेरपुर गांव के पास से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। गुलहसन ने 22 साल की उम्र में पहली शादी की थी, जिससे 6 बेटे और 3 बेटियां हैं। पहली शादी के करीब 13 साल बाद उन्होंने दूसरी शादी की, जिससे भी 9 संतानें हुईं। कुल मिलाकर उनके 18 बच्चे बताए जा रहे हैं। 18 बच्चे, सिर्फ एक बेटी की शादी हुई उसने दोनों पत्नियों के लिए अलग-अलग घर बनवाए थे। अभी तक परिवार में केवल एक बेटी की ही शादी हुई थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वह 5-6 अन्य महिलाओं के संपर्क में भी था, जिसकी पुष्टि मोबाइल कॉल डिटेल से हुई है। पोस्टमार्टम के बाद पूर्व प्रधान गुलहसन का शव जैसे ही गांव पहुंचा, शाम को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।


