राजस्थान से भेड़ चराते हुए पहुंचा था परिवार‎:मां के सामने 3 साल का बच्चा बोरवेल में गिरा, देर रात तक चलता रहा रेस्क्यू

राजस्थान से भेड़ चराते हुए पहुंचा था परिवार‎:मां के सामने 3 साल का बच्चा बोरवेल में गिरा, देर रात तक चलता रहा रेस्क्यू

सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर खोदा खुला बोरवेल एक बार फिर बड़ी दुर्घटना का कारण बना है। गुरुवार शाम बड़नगर तहसील के ग्राम झलारिया में एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम बोरवेल में जा गिरा। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम गुड़ानला, जिला पाली (राजस्थान) निवासी तीन वर्षीय भागीरथ पिता प्रवीण देवासी अपने परिवार के साथ तीन दिन पहले ही भेड़ चराने के लिए झलारिया आया था। गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे खेलते-खेलते बच्चा खुले पड़े बोरवेल के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चे की मां ने उसे गिरते देखा और दौड़कर बचाने की कोशिश भी की लेकिन तब तक मासूम गहरे बोरवेल में गिर चुका था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। मौके पर एसपी प्रदीप शर्मा, कलेक्टर रोशनकुमार सिंह, सीएमएचओ डॉ. अशोक पटेल पहुंचे और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चे को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए विधायक जितेंद्रसिंह पंड्या ने भी प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल रेस्क्यू के निर्देश दिए। एसडीएम धीरेंद्र पाराशर, तहसीलदार रूपाली जैन, एसडीओपी एमएस परमार, थाना प्रभारी अशोक पाटीदार सहित राजस्व एवं पुलिस अमला मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया। देर रात 12 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था। जेसीबी पोकलेन की मदद से समानांतर 40 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा खोद दिया गया था। पूरे क्षेत्र की निगाहें मासूम के सुरक्षित बाहर आने पर टिकी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *