फर्रुखाबाद में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। गुरुवार को जिले का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार की तुलना में तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। पाला गिरने और घने कोहरे के चलते ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा और सुबह 7 बजे के बाद पाला गिरने से सड़कों पर विजिबिलिटी करीब 20 मीटर तक सिमट गई। ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़े पहनकर ही घरों से बाहर निकले, जबकि सुबह के समय सड़कों पर चहल-पहल कम नजर आई। किसानों का कहना है कि कोहरा गेहूं की फसल के लिए लाभकारी है, लेकिन पाला आलू और सरसों जैसी फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है। ठंड और कोहरे का असर यातायात पर भी पड़ा। मथुरा–छपरा एक्सप्रेस फर्रुखाबाद में एक घंटे की देरी से पहुंची, जबकि पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 20 मिनट विलंब से चली। हालांकि भिवानी–प्रयागराज कालिंद्री एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर पहुंची।


