100 की स्पीड में कार भगा रहा था ड्राइवर:ग्वालियर में 5 की जान लेने वाला नशे में धुत मिला; मेडिकल जांच में 175 मिलीग्राम शराब की पुष्टि

100 की स्पीड में कार भगा रहा था ड्राइवर:ग्वालियर में 5 की जान लेने वाला नशे में धुत मिला; मेडिकल जांच में 175 मिलीग्राम शराब की पुष्टि

ग्वालियर में शुक्रवार की सुबह 3 बजे हुए भीषण सड़क हादसे पांच लोगों की मौत हो गई। चार घायल हुए हैं। इन मौतों की वजह नशा और स्पीड का कॉकटेल है। आरोपी कार चालक घटना के समय नशे में था। जब कार आगे जा रहे ऑटो से टकराई तो कार की स्पीड 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में थी। मेडिकल जांच में पता चला है कि घटना के वक्त आरोपी कार चालक के पेट में 175 मिलीग्राम शराब मिली है। पुलिस ने स्कॉर्पियो को पकड़ा तो चालक नशे में था। पुलिस ने बिना कोई देर किए चालक का मेडिकल कराया है। जिसमें उसके पेट में 175 मिलीग्राम शराब मिली है। यह तो वह शराब है जो टेस्ट तक पच नहीं पाई थी, इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसने रात भर में कितनी शराब पी होगी। जबकि कार की स्पीड की पुष्टि DIAL 112 से हुई है। दरअसल, बस स्टैंड के सामने ई-रिक्शा में कार ने टक्कर मारी तो वह पलक झपकते ही गायब हो गई। DIAL 112 यानी एफआरवी वाहन ने कार चालक को पकड़ा तो उनको अपनी गाड़ी की स्पीड़ 100 किलोमीटर प्रति घंटे करनी पड़ी थी। आरोपी अमन शर्मा कहीं से जश्न मनाकर सुबह 3 बजे घर वापस लौट रहा था। पकड़ी गई कार में गैस लाइटर, नमकीन पड़ा मिला है। यह भी बताता है कि कार के अंदर ही शराब का सेवन किया गया होगा। ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों का कहना है कि कार के सभी एयरबैग जिस तरह से खुले हैं, उससे स्पष्ट है कि वाहन की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही होगी। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी है। DIAL 112 में तैनात सिपाही ने पकड़ा आरोपी रात ठीक 3 बजे स्टेशन पर तैनात DIAL 112 में तैनात जवान बृजमोहन ने देखा कि एक स्कॉर्पियो ई-रिक्शा में टक्कर मार और तेज रफ्तार में आकशवाणी की तरफ भागी है। जिस पर DIAL 112 की टीम ने तत्काल अपना वाहन उसके पीछे लगा दिया। DIAL 112 की टीम ने गोविंदपुरी में कार नंबर MP21 ZE-5911 को पकड़ लिया। आरोपी स्कॉर्पियो को पकड़ने में DIAL 112 के पायलट (चालक) को अपनी गाड़ी 100 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से भगानी पड़ी थी। जब आरोपी को पकड़ लिया था तो पीछे से एक अन्य वाहन चालक ने डायल 112 को बताया कि यह पीछे परशुराम चौराहा पर एक ऑटो को बुरी तरह टक्कर मारकर आया है। कार से नमकीन पड़ा मिला है। आरोपी चालक अमन शर्मा निवासी चाणक्यपुरी काफी नशे में था। ई-रिक्शा को भी मारी थी टक्कर, गाड़ी पलट गई थाटीपुर कुम्हारपुरा स्थित जगजीवन नगर निवासी अशगर अली पिता बाकर अली ई-रिक्शा चालक हैं। इन्होंने पड़ाव थाना पहुंचकर शिकायत की है कि 27 मार्च की सुबह 3 से 4 बजे के बीच की बात है। वह बस स्टैंड के मोड़ पर अपने ई-रिक्शा में बैठा था। तभी एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार MP31 ZE-5911 आकाशवाणी की ओर से आई और मेरी गाड़ी में टक्कर मार दी। जिससे ई-रिक्शा पलट गया और कार चालक गाड़ी को भगा ले गया। ई-रिक्शा चालक को चोट लगी है। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक अशगर अली की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। बर्थडे मनाने के बाद गए थे माता मंदिर शुभम शाक्य के बेटे आरव का गुरुवार को जनमदिन था। जन्मदिन मनाने के बाद घर में बात चली कि सास प्रीति कश्यप दो-तीन दिन पहले मेरठ से आई हैं, इसलिए शीतला माता के दर्शन करने चलते हैं। अष्टमी का पर्व भी था इसलिए तुरंत तैयारी हो गई। दर्शन करने जाने की बात चली तो शुभम के ताऊ इंद्रजीत उर्फ पप्पू तथा ताई लीला शाक्य भी तैयार हो गए। ठाटीपुर सरकारी मल्टी में रहने वाले ऑटो चालक राजेश कुमार से बात की तो उसने चलने के लिए हामी भर दी। दोपहर में शुभम उसकी पत्नी शगुन, सास प्रीति कश्यप, ताऊ इंद्रजीत तथा ताई लीला व शुभम के बच्चे प्रीति व प्रियांश ऑटो से दर्शन के लिए निकले। सबसे पहले ग्वालियर स्थित कैलादेवी मंदिर में दर्शन किए। वहां से वैष्णोधाम में दर्शन किए। रात को बर्थडे मनाने के बाद 10 बजे शीतला माता मंदिर के लिए सभी लोग रात में निकले थे। वहां से दर्शन करके वापस आते समय थाटीपुर में परशुराम चौराहा के ठीक पहले हादसे का शिकार हो गए। हादसे में शुभम व उसकी पत्नी सगुन, ताऊ इंद्रजीत, ताई लीला तथा सास प्रीति कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ऑटो चालक राजेश कुमार, शुभम की बहन प्रीति, शुभम का बेटा प्रियांश व आरव घायल हो गए। सभी को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। ऑटो चालक राजेश कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है, क्योंकि उसके सिर में चोट आई हैं। लौटने का इंतजार था, आई मौत की खबर शुभम के भाई ने बताया कि मेरी दिन में ही शुभम से मुलाकात हुई थी और उसने बताया था कि वह देवी दर्शन के लिए जा रहा है। मैं रात को 10 बजे घर आया और खाना खाकर सो गया। सुबह 3 से 4 बजे उनके लौटने का इंतजार था, लेकिन शुक्रवार की सुबह ठाटीपुर थाने की पुलिस ने मेरे घर का दरवाजा खटखटाया। मैंने दरवाजा खोला तो पुलिस सामने खड़ी थी। पुलिस ने मुझे बताया कि तुम्हारे भाई का एक्सीडेंट हो गया है, इसलिए अस्पताल चलो। मेरा भाई शुभम व उसकी पत्नी शगुन दोनों मुरार मंडी में सब्जी की दुकान लगाते थे। एक-एक पल को रील में किया कैद मृतका सगुन को रील बनाने का बहुत शौक था। वह अपने घर के आसपास रील के लिए चर्चित थीं। पिछले दो दिन में उसने अपनी मां के आने के बाद बेटे के बर्थडे से लेकर कैलादेवी मैया (करौली धाम) और शीतला माता मंदिर से आने और जाने के दौरान कई रील बनाई थीं। इन रील को उसने अपने इंस्टाग्राम आईडी से अपलोड भी किया है। जिसमें पूरा परिवार हंसी-खुशी नजर आ रहा है, लेकिन यह कोई नहीं जानता था कि लौटते समय घर के बिल्कुल नजदीक पहुंचकर वह हमेशा के लिए दूर हो जाएंगे। 60 प्लस की स्पीड पर पर खुल जाते हैं एयरबैग महिंद्रा की रॉयल मोटर में टीम लीडर हेमंत जोशी ने बताया कि एयरबैग अधिकांश पर सेंसर के अनुसार कार्य करते हैं और जरूरी बात यह भी है कि उसे सेंसर पर कितनी जोर से इंपैक्ट हुआ है कि एयरबैग खुलने की नौबत आ जाए उन्होंने बताया कि अधिकांश से 60 प्लस की स्पीड पर जोरदार इंपैक्ट के साथ एयरबैग खुल जाते हैं। इसलिए एयरबैग पूरी तरह से सेंसर पर ही डिपेंड करता है। यह खबर भी पढ़ें… ग्वालियर में 5 मौतों से पहले के आखिरी VIDEO
ग्वालियर में शुक्रवार तड़के 3 बजे माता के गीत गाते हुए जा रहे एक परिवार के ऑटो को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो आगे पेड़ से जा टकराया। कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जिससे ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पूरी खबर यहां पढ़ें… पुलिस से बचने स्कॉर्पियो भगाई, 5 को कुचलकर मार दिया ग्वालियर के परशुराम चौराहे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटोरिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित चार लोग घायल हैं। वहीं गंभीर हेड इंजरी की वजह से ऑटो ड्राइवर की हालत भी नाजुक है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *