गोरखपुर में पूरा होगा जरूरतमंदों के आवास का सपना:नए साल में तीन इंटीग्रेटेड टाउनशिप में मिलेंगे एलआईजी व ईडब्ल्यूएस भूखंड

गोरखपुर में पूरा होगा जरूरतमंदों के आवास का सपना:नए साल में तीन इंटीग्रेटेड टाउनशिप में मिलेंगे एलआईजी व ईडब्ल्यूएस भूखंड

नया साल गोरखपुर में जरूरतमंद लोगों के आवास का सपना भी पूरा करेगा। निजी क्षेत्र की ओर से तीन इंटीग्रेटेड टाउनशिप की लांचिंग प्रस्तावित है। लगभग 250 एकड़ में विकसित होने वाली इस टाउनशिप में बड़े पैमाने पर एलआईजी एवं ईडब्ल्यूएस श्रेणी के भूखंड व फ्लैट उपलब्ध होंगे। सभी टाउनशिप में 10 प्रतिशत ऐसे भूखंड या फ्लैट मिलेंगे। इन कालोनियों में सभी मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल, स्कूल व बाजार की सुविधा भी मिलेगी। अब तक गोरखपुर में टाउनशिप का विकास मुख्य रूप से गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) द्वारा किया जाता रहा है। निजी स्तर पर विकसित अधिकांश कालोनियां अवैध थीं, जिनमें सड़क और अन्य सुविधाएं तो दिखती थीं, लेकिन उनका तलपट मानचित्र स्वीकृत नहीं होता था। ऐसे में जमीन खरीदने के बाद लोगों को कानूनी अड़चनों और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझना पड़ता था। जीडीए अब तक 80 से अधिक अवैध कालोनियों पर कार्रवाई कर चुका है और यह अभियान लगातार जारी है। निजी क्षेत्र की इन तीनों इंटीग्रेटेड टाउनशिप को जीडीए से लाइसेंस मिल चुका है। ओमेक्स की ओर से सोनौली मार्ग पर ताल जहदा के पास करीब 120 एकड़ में टाउनशिप विकसित की जा रही है। वहीं ऐश्प्रा समूह देवरिया बाइपास के पास ताल कंदला क्षेत्र में लगभग 75 एकड़ में परियोजना लाएगा। इसके अलावा जीत एसोसिएट्स रामनगर कड़जहा में करीब 46 एकड़ क्षेत्रफल में इंटीग्रेटेड टाउनशिप विकसित करेगा। तीनों परियोजनाओं को मिलाकर कुल 241 एकड़ में सुनियोजित विकास होगा। इन टाउनशिप में आवासीय भवनों के साथ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी स्थान होगा। स्कूल, अस्पताल, पार्क, हरियाली, चौड़ी सड़कें, नालियां, बिजली और जलापूर्ति की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। गेटेड होने के कारण सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी रहेंगे। नियमों के तहत ईडब्लूएस और एलआइजी वर्ग को मिलने वाले फ्लैट या प्लाट भी इन्हीं सुविधाओं से युक्त होंगे। इससे पहली बार कमजोर वर्ग को भी निजी टाउनशिप में सम्मानजनक और सुरक्षित आवास उपलब्ध हो सकेगा। जीडीए उपाध्यक्ष अनन्द वर्द्धन ने बताया कि निजी क्षेत्र की तीन आवासीय टाउनशिप के लिए पखवारे भर में संबंधित कंपनियां अपना डीपीआर प्रस्तुत कर देंगी। इन टाउनशिप के आने से एलआइजी और ईडब्लूएस वर्ग के लोगों को भी बड़ी संख्या में आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *