सोनभद्र के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। सूचना पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों से पुलिस ने पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया। यह पूरा मामला कटौली गांव में बुधवार सुबह का है। मृतक की पहचान गांव निवासी 40 वर्षीय देवनारायण पुत्र शिवलाल के रूप में हुई है। वह गांव में रहकर मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। ग्राम प्रधान प्रकाश भारती ने बताया कि देवनारायण मंगलवार देर रात करीब 12 बजे अपनी पत्नी से गांव में आई बारात देखने जा रहे हैं कहकर घर से निकले था। रात भर उसके घर न लौटने पर पहले परिजनों ने सोचा कि वह किसी परिचित के यहां रुक गए होंगे, लेकिन सुबह तक कोई जानकारी न मिलने पर चिंता बढ़ गई। इसी दौरान ग्रामीणों ने सूचना दी कि खदीहवा नाला के पास एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला है। आशंका होने पर मौके पर पहुंचे पत्नी और बच्चों ने देवनारायण का शव देखकर रोने बिलखने लगे। घटना की जानकारी ग्राम प्रधान प्रकाश भारती को दी गई। प्रधान ने तत्काल पीआरबी पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दुद्धी स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया गया। बता दें कि देवनारायण पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और दो बेटे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस के अनुसार मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं, दुद्धी कोतवाली के एसएचओ धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


