औरैया के गोमती एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की तबीयत बिगड़ने के बाद दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह नोएडा से लखनऊ जा रहे थे। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। आलमबाग, लखनऊ निवासी 49 वर्षीय मानवेंद्र सिंह पुत्र ज्ञानेन्द्र सिंह नोएडा में एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार रात वह गोमती एक्सप्रेस से लखनऊ के लिए यात्रा कर रहे थे। इटावा स्टेशन से निकलने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। फफूंद स्टेशन पहुंचने से पहले उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जीआरपी ने उन्हें ट्रेन से उतारा। तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालांकि, उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इंजीनियर की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी शिनाख्त हुई, जिसके बाद उनके परिजनों को सूचित किया गया। मानवेंद्र सिंह के पिता और पत्नी दीप्ति औरैया पहुंचे। उनके दो बेटे हैं। चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक को मौत का संभावित कारण बताया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।


