जगतपुरा का मॉडल टाउन क्षेत्र का हाल: जिम्मेदारों के झूठ से अटी सड़क, जनता गिर रही गड्ढों में

जगतपुरा का मॉडल टाउन क्षेत्र का हाल: जिम्मेदारों के झूठ से अटी सड़क, जनता गिर रही गड्ढों में

जयपुर. जगतपुरा के मॉडल टाउन क्षेत्र में कई माह से सडक़ क्षतिग्रस्त है। इसकी मरम्मत करने की बजाय जेडीए स्थानीय लोगों को पिछले पांच माह से झूठा आश्वासन दे रहा है। जबकि, मौके पर अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। इससे न सिर्फ स्थानीय लोग, बल्कि कलाम पथ का उपयोग करने वाले लोगों को रोज परेशानी हो रही है।

सुविधा देने के नाम पर पहले सड़क खोदी गई, फिर उसे ऐसे ही छोड़ दिया गया। जेडीए अधिकारियों की मनमानी देखकर लगता है कि आमजन की परेशानी कोई मुद्दा ही नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते दिनों बरसात में यह रास्ता कीचड़ हो गया। इससे दुपहिया वाहन फिसले और कारें भी क्षतिग्रस्त हुईं। स्कूली बच्चे रोज जोखिम उठाकर गुजरते हैं।

एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी
मॉडल टाउन क्षेत्र में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) ने पानी की लाइन डालने के लिए सड़क बिना अनुमति ही काट दी। दूसरी ओर जेडीए को महीनों तक भनक ही नहीं लगी। जेडीए में जब लोगों ने शिकायत की तो मामला खुला और सड़क सही कराने के लिए पीएचईडी से पैसे मांगे। पत्राचार में पांच से छह माह निकल गए।

कई पत्र लिखने के बाद भी पीएचईडी से पैसा नहीं मिला है। जेडीए ने अपने स्तर पर रोड कट को दुरुस्त कराने का निर्णय लिया है। इस माह सड़क का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-अरुण माथुर, एक्सईएन, जेडीए

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *