प्रसूता को ले जा रही कार नहर में गिरी:कुशीनगर में घने कोहरे के कारण हादसा, राहगीरों ने सभी को बचाया

प्रसूता को ले जा रही कार नहर में गिरी:कुशीनगर में घने कोहरे के कारण हादसा, राहगीरों ने सभी को बचाया

कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक आर्टिका कार नहर में गिर गई। यह घटना नेशनल हाईवे 28 से बंचरा जगदीशपुर जाने वाले नहर मार्ग पर पुरानी सराब भट्टी के पास सुबह करीब 6 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, हाटा कोतवाली क्षेत्र के पिडरा गांव निवासी एक व्यक्ति प्रसव पीड़ा से गुजर रही महिला को अस्पताल ले जा रहा था। कार में दो अन्य महिलाएं भी सवार थीं। सुबह घना कोहरा होने के कारण सड़क पर दृश्यता बहुत कम थी। चालक सड़क किनारे बनी सफेद पट्टी को देखकर गाड़ी चला रहा था। अचानक पट्टी समाप्त हो गई और कोहरे के कारण आगे का रास्ता स्पष्ट नहीं दिखा, जिससे कार असंतुलित होकर गणेशपुर रजवाहा नहर में जा गिरी। कार के नहर में गिरने के बाद उसमें सवार महिलाओं ने मदद के लिए शोर मचाया। सड़क से गुजर रहे राहगीर और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए कार के दरवाजे खोले और अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। नहर में पानी का स्तर कम था और कार पलटी नहीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि बचाव कार्य में कुछ मिनट की भी देरी होती या नहर में पानी अधिक होता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद दिलीप गुप्ता और बढ़या गांव निवासी धर्मेंद्र कन्नौजिया सहित कई लोग घटनास्थल पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। कार चालक ने बताया कि कोहरा बहुत घना था और वह गाड़ी लेकर निकलने में हिचकिचा रहा था, लेकिन प्रसव पीड़ित महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाना आवश्यक था। उन्होंने कहा कि कोहरे के कारण सड़क की सीमाएं स्पष्ट नहीं दिख रही थीं, जिससे यह दुर्घटना हुई। हालांकि समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी गाड़ी से अस्पताल भेज दिया गया, जहां सभी की हालत ठीक बताई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *