बजट जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा-डिप्टी सीएम केशव प्रसाद:बोले- अखिलेश को बजट से उम्मीद नहीं होनी चाहिए, 2027 में कौशांबी की तीनों सीटों पर होगी जीत

कौशांबी के दो दिवसीय दौरे पर कौशांबी पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को सिराथू विधानसभा क्षेत्र के दारानगर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता अखिलेश यादव को सरकार के बजट से उम्मीद नहीं रखनी चाहिए, लेकिन यह बजट जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और लोगों को संतुष्ट करेगा। दौरे के दूसरे दिन सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं को पार्टी का ‘प्राण’ बताते हुए कहा कि इन्हीं के दम पर बूथ, विधानसभा और लोकसभा चुनाव जीते जाते हैं और सरकार बनती है।
लोकसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि वर्तमान में देश में भाजपा 283 लोकसभा सीटों पर विजयी है, जिसमें कौशांबी भी शामिल है। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय भाजपा ने 303 सीटें जीती थीं। हालांकि, उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में कौशांबी के प्रदर्शन को लेकर चिंता भी जताई। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है और वे ‘विकसित भारत संकल्प’ को पूरा करने के उद्देश्य से कौशांबी पहुंचे हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने कौशांबी जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर हार का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मजबूती से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस बार लक्ष्य कौशांबी की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा का कमल खिलाना है। डिप्टी सीएम ने बताया कि कार्यकर्ता सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य 2027 विधानसभा चुनाव में कौशांबी की तीनों सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करना है। पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह तैयार है और यदि चुनाव होते हैं तो पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। अखिलेश यादव द्वारा बजट को लेकर किए गए ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव का इस बजट से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने दोहराया कि यह बजट जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा और लोगों को खुश करेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *