उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे 48 पर कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार जीजा की मौत हो गई। वहीं, साला घायल हो गया। घटना आज शाम करीब साढ़े पांच बजे खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के देवनारायण होटल के सामने की है। जानकारी के अनुसार ऋषभदेव थाना क्षेत्र के भूधर निवासी कल्पेश पुत्र मोहनलाल अपने साले ऋतिक पुत्र अनूपलाल डामोर निवासी खांडी ओबरी के साथ बाइक से खेरवाड़ा की ओर जा रहा था। तभी देवनारायण होटल के सामने एन एच 48 पर कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार जीजा कल्पेश की मौके पर ही मौत हो गई। मौके कल्पेश का शव कंटेनर के पिछले टायर में फंस कर क्षत-विक्षत हो गया। वहीं, मृतक का साला ऋतिक घायल हो गया। सूचना पर खेरवाड़ा थाना पुलिस व हाईवे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस चालक रोशन घायल युवक को खेरवाड़ा के सीएचसी लेकर गए और वहां से उसे डूंगरपुर रेफर किया गया। कंटेनर के टायर के बीच फंसे मृतक के शव को बाहर निकलकर खेरवाड़ा की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। इनपुट:हितेश जोशी, खेरवाड़ा


