पेपर देकर लौट रही 12वीं की छात्रा पर हमला करने वाले युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला

पेपर देकर लौट रही 12वीं की छात्रा पर हमला करने वाले युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला

mp news: मध्यप्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र में पेपर देकर लौट रही 12वीं की छात्रा पर कटर से हमला कर भागे युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। घटना के बाद से पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही थी और उसके घर पर भी दबिश दी थी लेकिन वह नहीं मिला था। रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु की।

छात्रा पर किया था कटर से हमला

मकरोनिया के रजाखेड़ी इलाके की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा शनिवार को 12वीं का पेपर देकर अपने घर लौट रही थी तभी आरोपी नीलेश ने सेमरा बाग के पास छात्रा को रोका। दोनों के बीच कहासुनी हुई और इसी दौरान नीलेश ने कटर से छात्रा पर कई वार किए। छात्रा पर हमला करने के बाद आरोपी नीलेश मौके से फरार हो गया। छात्रा को घायल हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उसे 100 से ज्यादा टांके लगाए गए हैं, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

रेलवे ट्रैक पर मिली लाश

घटना के बाद से पुलिस आरोपी नीलेश की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने उसके घर में भी दबिश दी थी लेकिन वो नहीं मिला था। पुलिस आरोपी की तलाश कर ही रही थी तभी रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। मृतक के मौसेरे भाई ने बताया कि नीलेश का लड़की से प्रेमप्रसंग चल रहा था और दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था लेकिन तब सुलह हो गई थी। जब पता चला कि नीलेश ने कटर से लड़की पर हमला किया है तब से परिवार के सभी सदस्य उसे ढूंढ रहे थे, उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। उसकी मौत कैसे हुई इसकी जांच होना चाहिए। पुलिस नीलेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *