MP News: घर में सास-बहू के बीच कहासुनी होना आम बात है लेकिन मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में सास-बहू के बीच हुई कहासुनी खूनी अंजाम तक पहुंच गई और सास ने अपनी बहू की हत्या कर डाली। महिला की लाश उसके ही घर में कमरे में मिली थी और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पति ने जब पत्नी को अचेत अवस्था में देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की तो जल्द ही जुर्म का पर्दाफाश हो गया और कातिल सास सलाखों के पीछे पहुंच गई।
कमरे में अचेत मिली थी महिला
सिमरिया थाना क्षेत्र के चौकी मोहन्द्रा के ग्राम पडवार में महिला की दिल दहला देने वाली हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। वारदात को मामूली कहासुनी में सास ने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी सास को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 14 मार्च को हुई थी, तब फरियादी दयाराम साहू निवासी पडवार ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी पत्नी नीता साहू घर के कमरे में अचेत अवस्था में पड़ी है और उनके सिर, माथे व होंठ पर गंभीर चोटों के निशान हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, निरीक्षण के दौरान महिला को मृत अवस्था में पाया। इसके बाद मर्ग कायम कर जांच में लिया गया।
सास ने की थी कहासुनी के बाद हत्या
पुलिस ने एफएसएल एवं डॉग स्कवॉड की टीम को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने साक्ष्य एकत्र किए। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की और संदेह के आधार पर नीता साहू की सास मत्थी साहू को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर सास ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि घरेलू विवाद के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि उसने गुस्से में आकर कुदाली से बहू नीता साहू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी सास को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुत रतरंजित कुदाली एवं घटना के समय पहनी गई साड़ी को भी जब्त किया है। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


