Jos Buttler World Record for highest catch: जोस बटलर ने एक ऐसा कैच पकड़ा जो पहले कभी नहीं देखा गया। बटलर ने क्रिकेट की गेंद का अब तक का सबसे ऊंचा कैच लेकर इतिहास रच दिया। ये कमाल उन्होंने 8 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के पहले मैच के दौरान किया है। उन्होंने जमीन से 122 मीटर ऊपर उड़ रहे एक ड्रोन से गेंद गिराए जाने के बाद उसे सफाई से पकड़ा और सबसे ऊंचा कैच लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।
केविन पीटरसन शेयर किया ये वीडियो
जोस बटलर के इस कैच को अब गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ऑफिशियल मंजूरी का इंतजार है, अगर इसकी पुष्टि हो जाती है तो बटलर क्रिकेट बॉल से अब तक सबसे ऊंचा कैच पकड़ने के लिए नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर बन जाएंगे। हालांकि, केविन पीटरसन ने पहले ही कन्फर्म कर दिया था कि बटलर ने क्रिकेट बॉल से सबसे ऊंचा कैच लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इंग्लैंड के पूर्व लेजेंड ने इसका वीडियो शूट भी किया और अपने YouTube चैनल “द स्विच: केविन पीटरसन एंड फॉर द लव ऑफ क्रिकेट पर शेयर किया।
खुशी से झूम उठे पीटरसन और बटलर
ड्रोन के जरिए गेंद को 122 मीटर की ऊंचाई से छोड़ा गया था, जिससे बटलर की नजर, टाइमिंग, हिम्मत और हाथ-आंख के तालमेल का टेस्ट हुआ। जैसे ही बॉल आसमान से गिरी बटलर शांत रहे, अपनी नजरें गड़ाए रखीं और कैच को सुरक्षित रूप से पूरा किया। इसके बाद पीटरसन और उनकी पूरी टीम खुशी से झूम उठी।
बटलर ने तोड़ा ये वर्ल्ड रिकॉर्ड
इस कमाल के प्रयास के साथ इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 119.86 मीटर के पिछले वर्ल्ड रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। ये रिकॉर्ड 2021 में सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर थिमोथी शैनन जेबेसीलन ने बनाया था। शैनन ने 2019 में बनाए गए 114 मीटर के रिकॉर्ड को तोड़ा था।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ले चुके हैं 476 कैच
बता दें कि जोस बटलर ने वनडे क्रिकेट में 199 मैच खेले हैं और 236 कैच लिए हैं। वहीं, 148 T20 इंटरनेशनल में उनके नाम 87 कैच दर्ज हैं। जबकि 73 टेस्ट में उन्होंने 153 कैच लिए हैं। इस तरह वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक कुल 476 कैच ले चुके हैं। ये आंकड़े उनके बहुत अच्छे फोकस और सब्र को दर्शाते हैं।




