गोरखपुर में बुधवार की शाम चिलुआताल थानाक्षेत्र में नाले में गिरने से ग्यारह साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना उस समय हुई जब बच्चा साइकिल से अपने दोस्त के घर जा रहा था और साइकिल समेत नाले में जा गिरा, जिससे उसके पेट में खुला सरिया धंस गया।
इमरजेंसी में तड़प कर छात्र की हुई मौत
असहनीय दर्द से छात्र की चीख सुन आसपास के लोग दौड़कर मौके ओर पहुँचे, किसी तरह लोगों ने बच्चे को बाहर निकालकर सड़क पर लिटाया। उसके पेट में धंसी सरिया निकाली। इतना करते ही पेट से तेज खून बहने लगा। छात्र सड़क पर दर्द से तड़पता रहा।
इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी, सूचना पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस से उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गई। यहां इमरजेंसी में करीब 30 मिनट तक इलाज के बाद बच्चे ने दम तोड़ दिया, यह खबर मिलते ही छात्र के घर कोहराम मच गया।
बुधवार की शाम छात्र साइकिल से घूमने निकला था
जानकारी के मुताबिक चिलुआताल थाना क्षेत्र के मुड़ीला उर्फ मुंडेरा निवासी श्याम सुंदर चौरसिया के तीन बेटों में कन्हैया सबसे बड़ा था, वह पांचवीं क्लास में पढ़ता था।श्याम सुंदर सब्जी बेचकर आजीविका चलाते हैं।
बच्चे को वह चार दिन पहले ही साइकिल खरीद कर दिये थे। बुधवार 18 फरवरी की शाम करीब पांच बजे वह दोस्तों के साथ साइकिल चलाने वार्ड नंबर-5, मा, राप्ती नगर विस्तार कॉलोनी के पास गया था।
असंतुलित होकर नाले में गिरा, सरिया ने पेट फाड़ा
वहाँ से वापस लौटते समय वह असंतुलित होकर साइकिल समेत नाले में गिर गया। वहां खड़ी सरिया उसके शरीर में धंस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बेटे को बाहर निकाला और पेट में धंसी सरिया निकाल दी।
किसी परिचित ने इसकी जानकारी पिता श्याम सुंदर को दी, वह बदहवास भागते हुए घटनास्थल पर पहुँचे। तब तक पुलिस भी पहुंच चुकी थी, और बच्चे को सभी बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर गये जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह देख बदहवास हालत में अस्पताल परिसर में ही परिजन रोते-बिलखते रहे।
ज्ञानेंद्र, SP नॉर्थ
पिता श्याम सुंदर चौरसिया ने चिलुआताल थाने में लिखित तहरीर देकर ठीकेदारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। SP नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने बताया मामले की जांच की जा रही है, दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कारवाई की जाएगी।


