Tamilnadu Assembly Elections: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले दो बड़े दलों के बीच गठबंधन टूट गया है। TVK (Tamizhaga Vazhvurimai Katchi) ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में किसी भी गठबंधन या NDA में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया है। इस विधानसभा चुनाव में TVK अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। TVK के संस्थापक टी वेलमुरुगन ने DMK नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (SPA) से अलग होने की घोषणा की है।
वेलमुरुगन ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी BJP के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा भी नहीं बनेगी। चेन्नई में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हम उस गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेंगे जो लोगों को धर्म के आधार पर बांटता है। TVK और DMK के बीच यह फैसला सीट बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद आया है।
सीट बंटवारे से शुरू हुआ विवाद
TVK (Tamizhaga Vazhvurimai Katchi) और DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हुआ था। TVK ने पिछले चुनाव से 1 या उससे अधिक सीट की मांग की थी। वहीं, DML ने नए गठबंधन में 9 नई पार्टियों को शामिल करने के कारण अतिरिक्त सीट देने से इनकार कर दिया था। गठबंधन तोड़ने की घोषणा के बाद TVK के संस्थापक टी वेलमुरुगन ने कहा कि यह निर्णय उनकी पार्टी की स्वतंत्र पहचान और धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण बनाए रखने के लिए लिया गया है।
2021 में DMK के चिन्ह पर जीती थी TVK
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2021 में TVK के संस्थापक टी वेलमुरुगन ने DMK के चिन्ह पर एक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। पिछली बार उन्होंने कुड्डालोर जिले के पनरुति निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। इस बार उनका इरादा कुड्डालोर जिले के ही नेवेली निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने का है। हालांकि, वेलमुरुगन पिछले 5 वर्षों में DMK गठबंधन का हिस्सा थे, लेकिन वे कुछ मंत्रियों से नाराज थे। इस नाराजगी की वजह राज्य विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह उनकी मांगों को उठाने पर अक्सर अनदेखी करने की वजह सामने आई थी।
TVK ने DMK पर लगाया गंभीर आरोप
TVK के संस्थापक वेलमुरुगन ने DMK पर अपनी पार्टी की मांगों को नहीं मानने का आरोप लगाया। वेलमुरुगन ने कहा कि उन्होंने मेरी कुछ ही मांगें पूरी कीं और जब मैंने उनसे (मंत्रियों से) सवाल किया तो वे नाराज हो गए और पूछने लगे कि TVK जैसी छोटी पार्टी DMK जैसी बड़ी पार्टी से सवाल कैसे कर सकती है। वेलमुरुगन ने दावा किया कि उनके लिए सीटें महत्वपूर्ण नहीं हैं।
वेलमुरुगन ने कहा कि हमारा प्राथमिक उद्देश्य पूरे तमिल समाज के कल्याण के लिए काम करना है। हम आगे की योजना पर चर्चा करेंगे, चाहे अकेले चुनाव लड़ें या केवल चुनाव में समर्थन दें। TVK अध्यक्ष ने एमके स्टालिन पर जाति सर्वेक्षण के मुद्दे पर अधिकारियों द्वारा गुमराह किए जाने का आरोप लगाया। वेलमुरुगन ने कहा कि स्टालिन पिछड़े वर्गों और दलितों को आरक्षण देने में इसलिए हिचकिचा रहे हैं, क्योंकि वे RSS विचारधारा वाले उच्च जाति के अधिकारियों के बहकावे में हैं।
तमिलनाडु में कब होगा चुनाव?
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर चुका है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा। इसलके बाद 4 मई को मतगणना होगी और रिजल्ट जारी किया जाएगा। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को होगी और 9 अप्रैल तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे।


