पानीपत में काली माता मंदिर में चोरी:त्रिशूल से दानपात्र तोड़कर नकदी साफ, CCTV में कैद हुई करतूत

पानीपत में काली माता मंदिर में चोरी:त्रिशूल से दानपात्र तोड़कर नकदी साफ, CCTV में कैद हुई करतूत

पानीपत शहर के व्यस्त इलाके गुडमंडी स्थित प्राचीन काली माता मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया है। शातिर चोर ने मंदिर के दरवाजे की जाली काटकर अंदर प्रवेश किया और भगवान के त्रिशूल का इस्तेमाल कर तीन दानपात्र तोड़ डाले। चोर मंदिर से करीब 25 हजार रुपए की नकदी समेटकर फरार हो गया। हालांकि, आरोपी की यह पूरी करतूत मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जाली काटकर मंदिर में घुसा चोर मंदिर के पुजारी नीरज वत्स ने बताया कि वारदात देर रात की है। चोर मंदिर के बाहर से सीढ़ियों के रास्ते ऊपर चढ़ा, जहां से मंदिर के अंदर आने का रास्ता है। वहां लगे गेट की जाली को काटकर चोर ने हाथ अंदर डाला और कुंडी खोल ली। इसके बाद वह आसानी से मंदिर के मुख्य हिस्से में दाखिल हो गया। भगवान के त्रिशूल से ही तोड़े दानपात्र मंदिर के अंदर घुसने के बाद चोर ने वहां रखा भैरों बाबा का भारी-भरकम त्रिशूल उठा लिया। उसने इसी त्रिशूल की मदद से मंदिर में रखे तीन दानपात्रों के ताले तोड़ दिए। पुजारी के अनुसार, दानपात्रों में करीब 25 हजार रुपए की दान राशि जमा थी, जिसे चोर लेकर रफूचक्कर हो गया। पकड़े जाने के डर से तोड़े कैमरे शातिर चोर ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की और उन्हें तोड़ दिया ताकि उसकी पहचान न हो सके। लेकिन, कैमरे तोड़ने से पहले ही उसकी पूरी हरकत और चेहरा रिकॉर्ड हो चुका था। पुलिस को दी सूचना सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे, तो बिखरा हुआ सामान और टूटे हुए दानपात्र देखकर उनके होश उड़ गए। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और फुटेज के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *