बांदा पुलिस ने नरैनी थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई अन्य चोरी की घटनाओं को भी कबूल किया है। मामला बरसडामानपुर गांव का है। जहां पप्पू पुत्र रामसेवक के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने के जेवरात चोरी कर लिए थे। इस संबंध में नरैनी थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। घटना के खुलासे और आरोपी की पहचान के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी के साथ वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लहुरेटा के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोसम्मी शफीक पुत्र भूरा निवासी लहुरेटा थाना नरैनी के रूप में हुई है। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने 11 मार्च 2026 को बरसडामानपुर में हुई चोरी के अलावा अतर्रा थाना क्षेत्र के राजनगर प्रहलाद सिंह का पुरवा में 1 अप्रैल 2026 को तथा बजरंग नगर कस्बा में 4 अगस्त 2025 को भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन मामलों में संबंधित थानों में पहले से एफआईआर दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के जेवरात और 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान में 351 ग्राम सफेद धातु के जेवरात, 7.2 ग्राम पीली धातु के जेवरात और 5.8 ग्राम टंच माल (पीली धातु) शामिल हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।


