करनाल के राजीवपुरम इलाके में एक मकान में घुसकर आरोपियों ने जमकर तोड़फोड़ की और घर का सामान चोरी कर लिया। आरोपियों ने घर की टोंटियां उखाड़ लीं और सीसीटीवी कैमरे भी तोड़कर अपने साथ ले गए। घटना में करीब 40 हजार रुपए का नुकसान बताया गया है। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रात के समय घर में घुसे आरोपी
रोहतक निवासी वेदकौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका मकान राजीवपुरम में गोल्डन स्टेप जिम के पास करनाल में है। वह पेशे से लेक्चरर हैं और उनकी बहू रोहतक के एक विद्यालय में पढ़ाती हैं। बीती 29 मार्च की रात को गोल्डन स्टेप जिम के पास रहने वाले विशाल, पवन, मिन्ना और मोटा उनके घर में घुस आए। घर में की तोड़फोड़, सामान भी ले गए
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने घर के अंदर घुसकर सभी टोंटियां तोड़ दीं और उन्हें साथ ले गए। इसके अलावा पूरे मकान में तोड़फोड़ की और चार सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। घटना के बाद घर का काफी नुकसान हुआ। पीड़िता के अनुसार इस घटना में करीब 40 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
मामले में थाना सेक्टर 32-33 करनाल में 29 मार्च की रात को मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच पीएसआई रामकरण को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और तथ्यों के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।


