Priyanka Chopra Film Song Viral: सोशल मीडिया की दुनिया में कब कौन-सा पुराना गाना फिर से ट्रेंड करने लगे, कुछ कहा नहीं जा सकता। इन दिनों इंस्टाग्राम रील्स पर साल 2005 में आई फिल्म ‘बरसात’ का सुपरहिट गाना ‘तेरी दुल्हन सजाऊंगी’ खूब वायरल हो रहा है। बता दें, प्रियंका चोपड़ा और बिपाशा बसु पर फिल्माया गया ये गाना आज की जनरेशन के बीच भी खूब पसंद किया जा रहा है। अब इस गाने की बढ़ती लोकप्रियता को देखकर खुद प्रियंका चोपड़ा ने अपनी रिएक्शन दी है।
20 साल पुराना गाना बना फिर ट्रेंड, प्रियंका चोपड़ा भी रह गईं दंग
ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर इस गाने से जुड़े कई वीडियो शेयर किए। एक वीडियो के साथ उन्होंने हैरानी और खुशी जाहिर करते हुए कैप्शन में लिखा, “क्या बरसात नया ट्रेंड बन गया है? फिर ऐसा लग रहा है।” प्रियंका ने इस पोस्ट में अपनी को-स्टार बिपाशा बसु और फिल्म के हीरो बॉबी देओल को भी टैग किया है।
एक अन्य रील शेयर करते हुए उन्होंने मजाक में लिखा कि अब उनकी पूरी फीड में बस यही गाना नजर आ रहा है, क्या हो गया है सबको। इतना ही नहीं, सुनील दर्शन के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘बरसात’ एक रोमांटिक ड्रामा थी, जिसमें बॉबी देओल, प्रियंका चोपड़ा और बिपाशा बसु की तिकड़ी नजर आई थी। ये फिल्म साल 2002 की हॉलीवुड फिल्म ‘स्वीट होम अलबामा’ से बेस्ड थी। बता दें, फिल्म के गानों ने उस समय भी धूम मचाई थी और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। ये प्रियंका चोपड़ा के शुरुआती करियर की अहम फिल्मों में से एक मानी जाती है।

कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं
प्रियंका के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनके पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। द ब्लफ (The Bluff) प्रियंका की ये फिल्म 25 फरवरी 2026 को रिलीज होने के लिए तैयार है, जिसका फैंस को बेसब्री से इंतजार है। इसके अलावा, वो दिग्गज निर्देशक एसएस राजामौली की तेलुगु फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आएंगी।
इस फिल्म में उनके साथ साउथ सुपरस्टार महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन अहम भूमिकाओं में होंगे। ये फिल्म संक्रांति 2027 के अवसर पर रिलीज होगी। बता दें, प्रियंका चोपड़ा के पुराने गानों का इस तरह वायरल होना ये साबित करता है कि उनका और बिपाशा बसु का वो दौर आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है। फिलहाल, इंटरनेट पर ‘तेरी दुल्हन सजाऊंगी’ पर बनी रील्स की बाढ़ आई हुई है।


