पलामू में एक टेम्पो पुलिया से करीब 15 फीट नीचे गिर गया, जिससे एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रामगढ़ थाना क्षेत्र के सूर्यवेदवा पुलिया के पास चैनपुर-नावाडीह-रमकंडा मुख्य मार्ग पर हुआ। परिवार प्रेत बाधा से मुक्ति के लिए ओझा के पास जा रहा था। बताया गया कि सामने से आ रही एक कार को साइड देने के प्रयास में टेम्पो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों की पहचान गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र के रक्सी गांव निवासी विगान परहिया, उनकी पत्नी दुखनी देवी, बहू किरण देवी (पति सोनू परहिया) और बेटी अकली देवी (पति लखन परहिया) के रूप में हुई है। टेम्पो में सवार एक अन्य महिला सविता देवी इस हादसे में बाल-बाल बच गईं। सूर्यवेदवा पुलिया के पास रास्ता काफी संकीर्ण सविता देवी ने बताया कि मंगलवार को पिपराही के भटवाजरही निवासी हरीलाल यादव का टेम्पो 800 रुपए में बुक किया गया था। सभी लोग भूत-प्रेत बाधा से मुक्ति के लिए ओझा के पास जा रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि सूर्यवेदवा पुलिया के पास रास्ता काफी संकीर्ण है, जहां यह दुर्घटना हुई। घटना की सूचना मिलने पर नावाडीह के मुखिया दयानंद प्रसाद और थाना प्रभारी ओमप्रकाश साह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टेम्पो को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद से टेम्पो चालक और उसके साथ बैठा एक अन्य युवक फरार हैं।


