गोरखपुर में सोमवार को मौसम ठंडा और हल्की गलन भरा रहा। सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं के कारण लोगों को ठिठुरन महसूस हुई। शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर लोग चाय की दुकानों पर जमावड़ा लगाए हुए दिखे। इसके अलाव कहीं कहीं लोग अलाव जलाकर उसके पास बैठकर ठंड से बचते नजर आए। हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। धूप की वजह से अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। आज ठंडी हवाएं करीब 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है, जिससे सुबह और शाम की ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानी डॉ. कैलाश पांडेय ने बताया कि इस समय पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी के कारण वहां की ठंडी हवाएं पछुआ प्रवाह के जरिए गोरखपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच रही हैं। इसी वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से दिन में धूप निकलने के कारण तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी के अंत तक लोगों को पूरी तरह से गर्मी का एहसास होने लगेगा। फिलहाल सुबह-शाम की ठंड बरकरार है, जबकि दिन में हल्की गर्माहट लोगों को राहत दे रही है।


