– जिले में पीजी कॉलेज समेत दो शिक्षण संस्थाओं में खुले आई-स्टार्ट लांचपैड
– बेहतर बिजनेस आइडिया पर छात्रा को 3 और छात्र को 2.40 लाख रुपए की शुरुआत फंडिंग
धौलपुर. निजी टेलीविजन पर एक लोकप्रिय शो आता है, जिसमें युवा बिजनेस अपने यूनिक आइडिया बताते हैं। इनके बिजनेस आइडिया पसंद आने पर बड़े बिजनेसमैन उन्हें सपोर्ट करते हुए फंडिंग करते हैं। इसी की तर्ज पर राजस्थान में बीते एक साल पहले आई-स्टार्ट लांचपैड की शुुरुआत की गई थी। इसका पैटर्न भी इसी तर्ज पर है। इस सरकारी संस्थान को कोई यूनिक आइडिया बताता है, तो उसे सरकार फंडिंग करेगी और यह फंडिंग नॉन रिफेंडबल होगी। यानी राशि को वापस नहीं देना होगा। लेकिन आपको उस आइडिया को विस्तार देना होगा और दूसरों को रोजगार भी…। शहर में सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग की ओर से पीजी कॉलेज धौलपुर और बाड़ा हैदर शाह हरदेव नगर विद्यालय में आई-स्टार्ट लांचपैड स्थापित हैं। अब यहां पर कुछ युवा अपना आइइिया रजिस्टर्ड करा रहे हैं। हालांकि, धौलपुर जिले में रफ्तार मध्यम है। लेकिन बड़े शहरों में युवा आकर्षित हो रहे हैं। वहीं, सरकार ने इन संस्थानों पर लाखों रुपए खर्च कर सेंटर खोले हैं।
33 जिलों में खुले हैं 66 लांच पैड
राजस्थान के पुराने 33 जिलों में वर्तमान में 66 आई-स्टार्ट लांचपैड स्थापित किए हैं। यह लांच पैड कॉलेज और विद्यालयों खोले गए हैं। इनमें कोई भी विद्यार्थी, युवा और आम व्यक्ति जा सकता है। धौलपुर में पीजी कॉलेज की इमारत में और शहर के हरदेव नगर स्थित बाडा हैदरशाह में आई-स्टार्ट लांचपैड खुला है। यहां पर स्टाफ भी तैनात है। जो आपकी मदद करता है। पीजी कॉलेज में लांच पैड देख रहे गौरव राना ने बताया कि सेंटर को लेकर लगातार युवाओं को जागरुक कर रहे हैं। साथ ही उन्हें सरकारी की योजना के बारे में बता रहे हैं। फिलहाल कम ही संख्या में आइडिया रजिस्डर्ड हुए हैं।
आइडिया कराना होगा रजिस्टर्ड…िफर होगी फंडिंग
सबसे पहले आई-स्टार्ट लांचपैड पर किसी भी युवा को अपना आइडिया को रजिस्टर्ड कराना होगा। इसके बाद वह किस तरह फंक्शन करेगा और क्या रूप रेखा होगी। इसके बारे में डिटेल देनी होगी। रजिस्टर्ड आइडिया को सरकार की गठित कमेटी परखेगी। अगर कमेटी को आइडिया पसंद आया तो युवक को शुरुआती फंडिंग 2.40 लाख और युवती को 3 लाख रुपए मिलेंगे। यह फंडिंग रिफंडेबल नहीं है। इसके बाद आपको उस आइडिया पर कार्य करना होगा। द्वितीय चरण में शीट फीडिंग में 5 से 60 लाख रुपए तक की फंडिंग सरकार की ओर से की जाएगी। यह भी नॉन रिफंडेबल होगी। लेकिन आइडिया को मूर्त रूप देना होगा और साथ ही अन्य युवाओं को रोजगार देना होगा।
आई-स्टार्ट लांचपैड में कर सकते हैं तैयारी…
पीजी कॉलेज या फिर बाडा हैदरशाह स्थित आई-स्टार्ट लांचपैड पर जाकर युवा अपने आइडिया को विस्तार दे सकता है। यहां पर उन्हें कार्य करने के लिए नि:शुल्क टेबलेट और लैपटॉप मिलेगा। पीजी कॉलेज के सेंटर पर हाल में 12 टेबलेट और 4 लैपटॉप आए हैं। जिस पर युवा अपने आइडिया को विस्तार दे सकता है। यहां पर आपको बिजनेसमैन का मार्गदर्शन और विशेषज्ञों की सेमिनार का भी लाभ उठा सकेंगे। साथ ही यहां इंटरनेट सुविधा है जिससे आप अपने आइडिया पर दुनिया में कितना कार्य हुआ, स्वयं सर्च कर सकेंगे।
– कॉलेज और स्कूलों में योजना के तहत लांच पैड स्थापित किए हैं। स्टार्टअप मॉडल की तरह हैं। युवा अपने आइडिया पर काम कर सकता है। अच्छे आइडिया पर सरकार उसे प्रोत्साहित करेगी।
-बलभद्र सिंह, एसीपी, सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग


