लालू प्रसाद यादव का कुर्ता-फाड़ होली सेलिब्रेशन कभी बिहार की पॉलिटिक्स में धूम मचाता था, लेकिन इस साल तेजस्वी यादव का होली सेलिब्रेशन काफी अलग था। रंगों और हुड़दंग के बजाय, तेजस्वी ने मटन पकाया और अपनी बेटी कात्यायनी के साथ सादगी से मनाया।
Tejashwi Yadav Holi Photos: बिहार की सियासत में होली का रंग हमेशा से ही सुर्खियों में रहता है। एक दौर था जब लालू प्रसाद यादव की कुर्ताफाड़ होली के किस्से देश भर में मशहूर थे। मुख्यमंत्री आवास पर ढोल-मजीरों की थाप और ‘जोगीरा सारा रारा’ की गूंज हुआ करती थी। लेकिन साल 2026 की होली में नजारा पूरी तरह बदला-बदला सा दिखा। जहां लालू की होली में ‘हुड़दंग और जोगीरा’ का जबरदस्त दम होता था, वहीं तेजस्वी यादव की होली इस बार ‘मटन और ममता’ के इर्द-गिर्द सिमटी नजर आई।
विरासत वही, पर अंदाज बदला
लालू यादव की होली के दौरान रंगों के बीच ही सत्ता के नए समीकरण बनते थे। अब लालू की राजनीतिक विरासत संभाल रहे तेजस्वी यादव का अंदाज काफी अलग है। इस बार रंगों का शोर कम और पारिवारिक मिठास व जायके का शोर ज्यादा सुनाई दिया। तेजस्वी अब उस पुराने मास लीडर वाली छवि के बजाय एक मॉडर्न और फैमिली मैन की छवि की ओर बढ़ते दिख रहे हैं।
चूल्हे पर मटन और बेटी का प्यार
इस साल होली के मौके पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का ‘देसी कुक’ अवतार चर्चा में रहा। चूल्हे की आंच पर मटन पकाते हुए उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। समर्थकों को उनका यह अंदाज पसंद तो आ रहा है, लेकिन पुराने लोग इसमें लालू वाली वो बात नहीं देख पा रहे। इसके साथ ही, तेजस्वी अपनी नन्हीं बेटी कात्यायनी के साथ सादगी भरी होली मनाते दिखे, जहां नन्हे हाथों का गुलाल राजनीतिक हुड़दंग पर भारी पड़ता दिखा।
लालू वाली बात नहीं
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि तेजस्वी अब लालू यादव के उस ‘रफ एंड टफ’ शक्ति प्रदर्शन वाले अंदाज से किनारा कर रहे हैं। लालू की होली में पक्ष-विपक्ष के नेता एक साथ कीचड़ और रंगों में सराबोर होकर जोगिरा गाते थे। इसके उलट, तेजस्वी की होली अब ज्यादा ‘हाइजीनिक’ हो गई है। आरजेडी दफ्तर में तो कार्यकर्ताओं ने खूब कुर्ते फाड़े, लेकिन तेजस्वी खुद उस हुड़दंग से दूर ही रहे जिसने कभी लालू परिवार की होली को एक पहचान दिलाई थी।
अब देखिए तेजस्वी यादव के होली की फोटो











