लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के TY Vlogs पर बीते कुछ समय से नया वीडियो अपलोड नहीं हुआ है। अब तेज प्रताप ने एक शॉर्ट वीडियो जारी कर खुद इसका कारण बताया है।
बिहार की राजनीति में अपने अनोखे स्टाइल के लिए जाने जाने वाले तेज प्रताप यादव इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में अपनी MLA सीट हारने और अपनी नई पार्टी जन शक्ति जनता दल की हार के बाद, तेज प्रताप ने TY Vlogs नाम से एक YouTube चैनल शुरू किया था। उनके फैंस उनके डेली ब्लॉग्स का बेसब्री से इंतजार करते थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से चैनल पर सन्नाटा पसरा हुआ है। उनके चैनल पर कोई नया व्लॉग अपलोड नहीं हुआ है, जिससे उनके समर्थकों के बीच सवाल उठ रहे हैं। अब खुद तेज प्रताप ने एक शॉर्ट वीडियो जारी कर इसकी वजह बताई है।
क्यों नहीं आ रहा नया व्लॉग?
तेज प्रताप यादव ने शॉर्ट वीडियो में अपने फॉलोअर्स को बताया कि उनके पास वीडियो तो बहुत हैं, लेकिन उन्हें एडिट करने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा, “TY Vlogs पर अभी कोई नया वीडियो नहीं आ रहा है, हम सिर्फ शॉर्ट्स डाल रहे हैं। वजह यह है कि मेरे पास अभी एडिटर नहीं है। वीडियो बना लेते हैं, लेकिन एडिट नहीं हो पाता। कुछ लोग जो पहले साथ थे, वे भरोसे के लायक नहीं निकले। मुझे किसी अच्छे और भरोसेमंद एडिटर की तलाश है, उसके मिलते ही धमाकेदार ब्लॉग्स वापस आएंगे।”
किसी पर भी नहीं कर सकते भरोसा- तेज प्रताप यादव
तेज प्रताप यादव ने अपने शॉर्ट वीडियो में यह भी कहा कि वे किसी पर ज्यादा भरोसा नहीं कर सकते, क्योंकि पहले कुछ लोगों ने भरोसा तोड़ा। उन्होंने कहा कि अच्छा एडिटर मिलते ही वे नए और बेहतर कंटेंट के साथ लौटेंगे। उन्होंने संकेत दिया कि आगे की योजना पहले से अधिक प्रभावशाली होगी।
राजनीति से यूट्यूब तक का सफर
2025 का साल तेज प्रताप के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा। एनडीए की ऐतिहासिक जीत और राजद की हार के बीच, पारिवारिक कलह ने उन्हें घर से अलग होने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने अपनी नई पार्टी जन शक्ति जनता दल का गठन किया और महुआ सीट से चुनाव लड़ा लेकिन हार का सामना करना पड़ा।
चुनावी हार के बाद उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता बढ़ाई और ‘TY Vlogs’ नाम से यूट्यूब चैनल शुरू किया। इस चैनल पर वे अपनी दिनचर्या, व्यक्तिगत गतिविधियों और अलग-अलग मुद्दों पर विचार साझा करते रहे।
अपने अनोखे अंदाज के लिए हैं मशहूर
तेज प्रताप यादव अपने अनोखे स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। कभी वे भगवान कृष्ण के रूप में नजर आते हैं, तो कभी भगवान शंकर के अवतार में। कभी वे सड़कों पर हैवी बाइकिंग करते नजर आते हैं, तो कभी अपने प्रेम प्रसंगों और बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। यही वजह है कि जब ‘TY Vlogs’ पर नए वीडियो आना बंद हुए तो फैंस ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई लोगों ने कमेंट कर पूछा कि आखिर नया कंटेंट क्यों नहीं आ रहा।


