फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के गांव कंवलगढ़ में मंगलवार शाम आसमानी बिजली गिरने से 15 वर्षीय किशोर दिलबाज की मौत हो गई। यह घटना शाम करीब 7 बजे हुई, जब अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। परिजनों ने बताया कि दिलबाज उस समय घर की छत पर गट्टे डाल रहा था, ताकि बारिश का पानी घर के अंदर न आए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ अचानक बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। 8वीं कक्षा का छात्र था किशोर परिवार के सदस्यों के अनुसार, दिलबाज को आज अपना 8वीं कक्षा का रिजल्ट लेने जाना था। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में गहरा शोक छा गया है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। बिजली गिरने से हृदय की गति रूकी- डॉक्टर देर शाम दिलबाज के शव को पोस्टमार्टम के लिए रतिया के सरकारी अस्पताल में रखवाया गया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। डॉक्टर दीप ने जानकारी दी कि दिलबाज की मौत बिजली गिरने के कारण हुई, जिससे उसके हृदय की गति रूक गई थी।


