सीतापुर के सिधौली क्षेत्र में गुरुवार शाम वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से किशोरी की मौत हो गई। यह घटना अटरिया थाना क्षेत्र के गोधना गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुई। जानकारी के अनुसार, गोधना गांव निवासी मोहम्मद नईम की पुत्री सबिया गुरुवार को किसी कार्य से रेलवे ट्रैक के पास गई हुई थी। इसी दौरान लखनऊ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। ट्रेन की गति अधिक होने के कारण वह संभल नहीं सकी और हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। सूचना पर अटरिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रेलवे विभाग को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी संकेतक लगाने और लोगों को रेल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की मांग की है।


