नर्मदापुरम के सदर बाजार क्षेत्र में स्थित एक निजी नर्सिंग होम के पास एक किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार सुबह सामने आई, जब घर में मौजूद उसकी बुजुर्ग दादी की नींद खुली और उन्होंने पोती को फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखकर दादी चीख पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोतवाली थाने से एसआई विशाल नागवे मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर और शव के आसपास जांच की, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फॉरेंसिक अधिकारी ऋषिकेश यादव को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल की जांच कर फोटोग्राफी कराई। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि मृतका चांदला गांव की रहने वाली थी। उसकी दादी नर्मदापुरम के सदर बाजार में अकेली रहती हैं और किशोरी पढ़ाई के सिलसिले में उनके साथ रह रही थी। एसआई बोले-नहीं मिला है सुसाइड नोट एसआई विशाल नागवे ने बताया कि मौके से सुसाइड नोट या अन्य कोई दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता चल सके। किशोरी ने फिलहाल पढ़ाई छोड़ दी थी और अगले साल कक्षा 10वीं की प्राइवेट परीक्षा देने की तैयारी कर रही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


