ICC T20 world Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में दोबारा भारत-पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच मुकाबला होना संभव है। ऐसा तभी होगा जब भारत सुपर 8 के ग्रुप-1 में टॉप पर रहे और पाकिस्तान ग्रुप-2 में दूसरे स्थान पर आए या फिर इसका ठीक उल्टा हो। लेकिन इसके पहले पाकिस्तान को नामीबिया को हराकर सुपर 8 में जगह बनानी होगी।
ICC T20 world Cup 2026: दर्शकों को एक बार फिर आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सेमिफाइनल में भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच महामुकाबला देखने को मिल सकता है। हालांकि 15 फरवरी को कोलंबो में हुए ग्रुप स्टेज मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से एकतरफा मैच में पटखनी दी थी, लेकिन टूर्नामेंट का फॉर्मेट नॉकआउट में दोनों टीमों को फिर से आमने-सामने ला सकता है।
सुपर 8 के ग्रुप पहले से ही निर्धारित हैं। भारत ग्रुप-1 में है जबकि पाकिस्तान ग्रुप-2 में रखा गया है। दोनों देशों के बीच सेमिफाइनल में मुकाबला तभी होगा जब सुपर 8 में भारत अपने ग्रुप में शीर्ष पर और पाकिस्तान अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहे, या इसका ठीक उल्टा हो। आईसीसी के नियमों के मुताबिक सुपर 8 के ग्रुप-1 के विजेता का मुकाबला ग्रुप-2 के उपविजेता से होगा, जबकि ग्रुप-2 के विजेता की भिड़ंत ग्रुप-1 के उपविजेता से होगी।
पहले पाकिस्तान का सुपर 8 में क्वालिफाई करना जरूरी
सेमिफाइनल में यह टक्कर होगी या नहीं यह इस बात पर निर्भर करता है कि पाकिस्तान सुपर 8 में जगह बना पाए या नहीं। भारत सुपर 8 के लिए क्वालीफाई कर चुका है, लेकिन पाकिस्तान को 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ अपने अंतिम ग्रुप मैच में जीत हासिल करनी होगी। भारत के खिलाफ मिली हार के बाद पाकिस्तान का नेट रन रेट -0.403 है, जो काफी खराब है। पाकिस्तान फिलहाल ग्रुप-ए में यूएसए के नीचे तीसरे स्थान पर है।
ऐसा है फॉर्मेट
टूर्नामेंट के फॉर्मेट में सुपर 8 के लिए टॉप आठ टीमों को पहले से ही अंतर्राष्ट्रीय टी20 रैंकिंग के आधार पर दो ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप-1 में भारत, ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका हैं, जबकि ग्रुप-2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं। सुपर 8 के मुकाबले 21 फरवरी से 1 मार्च तक चलेंगे, जिसके बाद 4 और 5 मार्च को सेमिफाइनल खेले जाएंगे।
भारत-पाक भिड़े तो बदलेगा मैदान
पाकिस्तान अगर सेमिफाइनल में पहुंचता है, तो आईसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच हुए समझौते के अनुसार मैच कोलकाता या मुंबई की बजाय कोलंबो में आयोजित किया जाएगा। यह दोनों टीमों के बीच टी20 विश्व कप में दसवीं मुठभेड़ होगी, जिसमें अभी तक भारत 8-1 से आगे है।
Sports – Patrika | CMS


