Team India in T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 में भारतीय टीम लगातार 4 मुकाबले जीतकर सुपर 8 में जगह बना चुकी है लेकिन कोचिंग स्टाफ अभी भी परेशान है।
Team India in T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। ग्रुप स्टेज में चारों मुकाबले जीतकर अपने ग्रुप में टॉप पर रहने वाली टीम इंडिया अब 22 फरवरी को सुपर 8 राउंड में अपना पहला मुकाबला खेलेगी। इस राउंड में भारतीय टीम को तीन मैच खेलने हैं, जहां उसका सामना जिंबॉब्वे, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका से होगा। हालांकि सुपर 8 राउंड से पहले भारतीय कोचिंग स्टाफ थोड़ा परेशान नजर आ रहा है।
अब तक 200 का आंकड़ा रहा दूर
अभिषेक शर्मा अब तक इस टूर्नामेंट में खाता तक नहीं खोल पाए हैं। वहीं दूसरी ओर, वर्ल्ड कप से पहले जो टीम इंडिया की बल्लेबाजी लाइनअप काफी विध्वंसक लग रही थी, वह अब तक टूर्नामेंट में किसी भी मुकाबले में 200 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाई है। हालांकि इसके पीछे की वजह टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच ने फिंगर स्पिनर्स को बताया है। रयान टेन डोशेट ने कहा कि टीम जल्द से जल्द इस समस्या का हल निकालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि अगर विकेट बेहतरीन होता है तो कोई समस्या नहीं आती, लेकिन जब विकेट मुश्किल हो और बाउंड्री भी बड़ी हो, तो टीम को अलग गेम प्लान बनाने की जरूरत पड़ती है।
उन्होंने आगे कहा कि इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के टॉप-8 बल्लेबाजों में से 6 लेफ्ट हैंडर हैं। इसे लेकर टेन डोशेट ने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में 17 में से 14 ओवर फिंगर स्पिनरों से डलवाए गए थे। उन्होंने माना कि यह भारत के लिए अच्छा संकेत नहीं है और यही वजह है कि ऑप्शन की कमी नहीं, बल्कि फिंगर स्पिनर भारतीय बल्लेबाजी के लिए एक बड़ी समस्या बन रहे हैं।
Sports – Patrika | CMS


