T20 वर्ल्डकप के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, सांसे रोक देने वाले मुकाबले में इंग्लैंड को दी शिकस्त

T20 वर्ल्डकप के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, सांसे रोक देने वाले मुकाबले में इंग्लैंड को दी शिकस्त

IND vs ENG, Semifinal 2 Highlights: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है। अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीम खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम आखिरी ओवर तक लड़ती रही, लेकिन लक्ष्य से 7 रन पीछे रह गई और भारत ने रोमांचक जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली।

नहीं चला अभिषेक का बल्ला

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर खराब रही और अभिषेक शर्मा सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद संजू सैमसन और ईशान किशन ने पारी संभाली और भारतीय टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। ईशान किशन 39 रन बनाकर आउट हुए, जबकि संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंद में 89 रनों की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे।

सैमसन के आउट होने के बाद शिवम दुबे और हार्दिक पंड्या ने तूफानी बल्लेबाजी की। दुबे ने 25 गेंद में 43 रन ठोके, जबकि हार्दिक पंड्या ने 12 गेंद में 27 रन बनाए। तिलक वर्मा ने भी तेज पारी खेलते हुए 7 गेंद में 21 रन जोड़ दिए और भारतीय टीम को 253 रन तक पहुंचा दिया। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 61 रन लुटाए, जबकि सैम करन ने 53 रन दिए। विल जैक्स और आदिल राशिद ने दो-दो विकेट चटकाए।

254 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल सॉल्ट 5, हैरी ब्रूक 7 और टॉम बैंटन 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इंग्लैंड ने 64 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे और आठवें ओवर में 95 रन पर चौथा विकेट भी गिर गया। इसके बाद जैकब बेथल एक छोर पर टिके रहे और उन्होंने शानदार शतक जड़कर भारतीय फैंस की टेंशन बढ़ा दी। हालांकि 20वें ओवर की पहली गेंद पर शिवम दुबे के ओवर में वह रन आउट हो गए और उनके आउट होते ही भारतीय टीम की जीत लगभग तय हो गई।

लगातार दूसरी बार फाइनल में टीम इंडिया

बेथल ने 48 गेंद में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 105 रन की पारी खेली। इसके बाद आखिरी ओवर में जोफ्रा आर्चर ने तीन छक्के जरूर लगाए, लेकिन भारतीय टीम ने 7 रन से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली। यह इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भारतीय टीम की लगातार दूसरी जीत भी है। 2024 के सेमीफाइनल में भी भारतीय टीम ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *