जेवरा जंगल से सागौन तस्करी, 5 आरोपी गिरफ्तार:सीपत पुलिस ने जांजगीर ले जा रही पिकअप पकड़ी, लट्ठे जब्त

जेवरा जंगल से सागौन तस्करी, 5 आरोपी गिरफ्तार:सीपत पुलिस ने जांजगीर ले जा रही पिकअप पकड़ी, लट्ठे जब्त

बिलासपुर जिले की सीपत पुलिस ने जेवरा के जंगल से सागौन की लकड़ी काटने और उसकी तस्करी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उनके पास से 65 हजार रुपए मूल्य के 16 सागौन के लट्ठे, एक डीजल आरा मशीन और 2.25 लाख रुपए का एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जानकारी के अनुसार, सागौन तस्कर सीपत के नवापारा ग्राम जेवरा के जंगल से सागौन के पेड़ काटकर लकड़ियों को पिकअप वाहन में भरकर जांजगीर जिले की ओर ले जा रहे थे। सीपत पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रामचंद कुर्रे, संतोष कुमार, जय सिंह ओगरे, लिल्लू राम पटेल और रघुवीर सिंह मरावी शामिल हैं। सीपत पुलिस के मुताबिक, उन्हें बीती रात जेवरा के जंगल से सागौन के पेड़ काटकर लट्ठे पिकअप में लोड कर ले जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन क्रमांक सीजी 11 एबी 0612 को रोका। वाहन में पन्नी से ढके 16 सागौन के लट्ठे मिले, जिनकी कीमत 65,827 रुपए आंकी गई है। इसके अतिरिक्त, लकड़ी काटने वाली एक डीजल आरा मशीन (ब्लेड सहित) और पिकअप वाहन भी जब्त किया गया, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 2,21,827 रुपए है। सभी जब्त सामान को पुलिस कस्टडी में रखा गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *