प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 4708 पदों पर शिक्षकों की भर्ती का रोस्टर तैयार कर लिया गया है। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा अलग-अलग मंचों से 5000 पदों पर शिक्षक भर्ती की घोषणा किए जाने के बाद अब इसमें 292 अतिरिक्त पद जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग इन अतिरिक्त पदों को शामिल करते हुए नया रोस्टर तैयार करने में जुटा है। रोस्टर की प्रक्रिया पूरी होते ही भर्ती की आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। माना जा रहा है कि फरवरी में भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। इससे पहले, प्रदेश में शिक्षक भर्ती की घोषणा पिछले साल जुलाई में की गई थी।
तब 5000 पदों पर ही भर्ती की योजना थी। बाद में व्याख्याता कंप्यूटर के 146 और योग के 146 पद घटाकर 4708 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी गई। इसमें सहायक शिक्षक, विज्ञान प्रयोगशाला, शिक्षक, व्याख्याता और पीटीआई शामिल है। इसके अनुसार शिक्षा विभाग ने रोस्टर तैयार किया। व्यापमं को भी इतने पदों पर ही भर्ती की जानकारी दी गई थी। अब इसे बढ़ाया जा रहा है। व्यापमं कैलेंडर में अक्टूबर में दो व नवंबर में एक तिथि खाली : शिक्षक भर्ती के लिए फरवरी माह में विज्ञापन जारी होने की संभावना है, लेकिन भर्ती परीक्षा के आयोजन में देरी हो सकती है। कुछ दिन पहले स्कूल शिक्षा विभाग ने व्यापमं को पत्र भेजकर 2025-26 सत्र के भीतर परीक्षा आयोजित करने का अनुरोध किया था। हालांकि, व्यापमं द्वारा जारी वार्षिक परीक्षा कैलेंडर के अनुसार फरवरी माह में पहले से ही दो परीक्षाएं निर्धारित हैं। इसके अलावा मार्च में चार और अप्रैल में तीन परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। मई माह से फिर प्रवेश परीक्षाओं का दौर शुरू हो जाएगा। इसमें पीईटी, पीएटी और बीएड जैसी प्रमुख परीक्षाएं शामिल हैं। ऐसे में व्यापमं के कैलेंडर में फिलहाल अक्टूबर माह में 11 और 25 तारीख आरक्षित हैं, जिन पर फिलहाल किसी परीक्षा का उल्लेख नहीं है। इसके अलावा नवंबर में 29 तारीख भी आरक्षित है जिसपर किसी परीक्षा का उल्लेख नहीं है। वहीं दिसंबर तक लगभग लगातार परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। सूत्रों के अनुसार व्यापमं ने स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षाएं कैलेंडर के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। इस स्थिति में शिक्षक भर्ती की परीक्षा के आयोजन में देरी होने की आशंका जताई जा रही है। बस्तर और सरगुजा में अधिक पद रहेंगे
शिक्षक भर्ती के लिए कुछ दिन पहले लोक शिक्षण संचालनालय ने जिलों से रिक्त पदों की जानकारी मांगी। इसके अनुसार बस्तर और सरगुजा में अधिक पद रिक्त हैं। इसलिए यहां के लिए अधिक वैकेंसी आएगी। 4708 पदों के अनुसार टीचर्स भर्ती में सबसे अधिक 2000 पद सहायक शिक्षक के लिए है। इसी तरह सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला के 200 पद, शिक्षक 1500, पीटीआई 154 और व्याख्याता के लिए 854 पद हैं।


