मऊ में शिक्षकों ने किया प्रदर्शन:पुतला फूंकने पर पुलिस से झड़प, शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी के बयान के विरोध में आक्रोश

मऊ जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले सैकड़ों शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। शिक्षक, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी का पुतला फूंकने का प्रयास कर रहे थे, जिस दौरान पुलिस और एलआईयू कर्मियों से उनकी झड़प हो गई। पुतला फूंकने के प्रयास के दौरान पुलिसकर्मियों ने शिक्षकों से पुतला छीनने की कोशिश की। इस छीनाझपटी का एक वीडियो भी सामने आया है। शिक्षकों ने इस दौरान “जयंत चौधरी होश में आओ” जैसे नारे लगाए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पुतला छीन लिया। शिक्षक कृष्णानंद राय ने बताया कि दो दिन पहले संसद में एक सवाल के जवाब में राज्य मानव संसाधन मंत्री जयंत चौधरी ने बयान दिया था कि सेवा में बने रहने के लिए सभी शिक्षकों को टीईटी परीक्षा पास करना अनिवार्य है। इस बयान से शिक्षकों में भारी आक्रोश है, जिसके चलते यह प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर जनपद शाखा मऊ के तत्वावधान में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। शिक्षकों ने भारत सरकार के शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी के बयान और उनके द्वारा दिए गए उत्तर की प्रतियों का दहन किया। शिक्षकों का कहना है कि वे टीईटी की अनिवार्यता संबंधी सरकार की नीतियों का पुरजोर विरोध करेंगे और किसी भी स्तर के संघर्ष के लिए तैयार हैं। इस प्रदर्शन में प्रमुख रूप से कृष्णानंद राय, अखिलेश्वर शुक्ला, मनमोहन पांडे, जगमोहन सिंह, सूर्यभान शर्मा, परवेज अंसारी, राशिद जमाल, अंजनी कुमार सिंह, राम केरयादव, अमित सिंह, सुजीत राय, दिनेश, राजेश राय, सुरेंद्र यादव और डॉ. शहनवाज सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *