टीईटी अनिवार्यता पर शिक्षकों में आक्रोश:24 नवंबर 2025 को दिल्ली में प्रदर्शन, संजय सिंह बोले- यह हर शिक्षक की लड़ाई

टीईटी अनिवार्यता पर शिक्षकों में आक्रोश:24 नवंबर 2025 को दिल्ली में प्रदर्शन, संजय सिंह बोले- यह हर शिक्षक की लड़ाई

देशभर के शिक्षकों में टीईटी की अनिवार्यता को लेकर गहरा आक्रोश है। सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय के बाद, यह आदेश अब सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और सम्मान पर सीधा प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है। इसी विरोध के चलते, अखिल भारतीय शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने 24 नवंबर 2025 को जंतर-मंतर, नई दिल्ली में एक विशाल धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया है। इस आंदोलन की तैयारियां पूरे प्रदेश में जोर-शोर से चल रही हैं। अयोध्या में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. संजय सिंह के नेतृत्व और मंत्री प्रेम वर्मा के संचालन में सर्किट हाउस में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में धरने को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। डॉ. संजय सिंह ने इस अवसर पर कहा कि यह किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि हर उस शिक्षक की लड़ाई है जिसने वर्षों तक सेवा दी है और अब उसके अस्तित्व को चुनौती दी जा रही है। उन्होंने तर्क दिया कि टीईटी की अनिवार्यता 2011 के बाद लागू हुई थी। इसलिए, 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों पर इसे थोपना न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि उनके लंबे अनुभव का अपमान भी है। बैठक में जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरुण तिवारी, जिलामंत्री चंद्रजीत यादव, विशिष्ट बीटीसी के जिलाध्यक्ष अनिल प्रजापति, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, राजकुमार वर्मा, जिला संयुक्त मंत्री अलोकेश रंजन, मिल्कीपुर ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, बीकापुर ब्लॉक मंत्री द्वारकाधीश उपाध्याय, हैरिग्टनगंज ब्लॉक मंत्री परमेश पाण्डेय, भास्कर यादव, मवई के देवेंद्र प्रताप सिंह, शिव शंकर सोनी, मया के रामजी सिंह, नावेंदु सिंह और प्रदीप सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। सभी ने संकल्प लिया कि अयोध्या से रिकॉर्ड संख्या में शिक्षक दिल्ली पहुंचेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *