टीचर सुसाइड केस : देवरिया BSA समेत 3 पर FIR, सुसाइड नोट में 16 लाख हड़पने के लगाए थे आरोप

टीचर सुसाइड केस : देवरिया BSA समेत 3 पर FIR, सुसाइड नोट में 16 लाख हड़पने के लगाए थे आरोप

गोरखपुर के गुलहरिया थानाक्षेत्र के शिवपुर शाहबाजगंज मुहल्ले में रहने वाले टीचर कृष्ण मोहन सिंह के आत्महत्या के बाद देवरिया जिले के शिक्षा विभाग के अधिकारियों और बाबूओं में हड़कंप मच गया। मृतक शिक्षक ने अपनी आत्महत्या जा जिम्मेदार सीधे अधिकारियों और वहां तैनात कर्मचारियों को बताया था।

BSA, बाबू संजीव सिंह सहित अन्य पर मुकदमा दर्ज

कृष्ण मोहन सिंह के आत्महत्या प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। शिक्षक की पत्नी गुड़िया सिंह की तहरीर पर देवरिया की बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) शालिनी श्रीवास्तव, उनके कार्यालय में तैनात बाबू संजीव सिंह और अन्य सहयोगियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

बता दें कि मृतक के सुसाइड नोट में इन लोगों पर 16 लाख रुपये लेने और उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। गुलरिहा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डीएम देवरिया ने सीडीओ की अध्यक्षता में बनाई टीम

डीएम देवरिया दिव्या मित्तल के निर्देश पर सीडीओ की अध्यक्षता में एसडीएम सदर एवं डीआईओएस को शामिल करते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। टीम पूरे मामले की बिंदुवार जांच कर निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

पटल सहायक संजीव सिंह सस्पेंड

निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आरोपित पटल सहायक संजीव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। डीएम ने स्पष्ट किया है कि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जानिए पूरा मामला

कृष्ण मोहन सिंह की पत्नी गुड़िया सिंह ने तहरीर में बताया कि उनके पति कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय मदरसन, गौरी बाजार (देवरिया) में सहायक अध्यापक थे। वर्ष 2021 में तत्कालीन बीएसए की ओर से कराई गई जांच के बाद कई शिक्षकों पर एफआइआर दर्ज हुई थी। इसके बाद से वे हाईकोर्ट में केस लड़ रहे थे।

BSA और बाबू ने 16 लाख रुपये की मांग की

13 फरवरी 2025 को हाईकोर्ट ने उनके पक्ष में आदेश दिया, लेकिन जब वे इस आदेश के अनुपालन के लिए बीएसए कार्यालय पहुंचे तो उन्हें नया संकट झेलना पड़ा। तहरीर के अनुसार, बीएसए शालिनी श्रीवास्तव और बाबू संजीव सिंह ने कृष्ण मोहन से 16 लाख रुपये की मांग की। रुपये देने के बाद उनसे और रुपये मांगे गए।

रुपये न देने पर जेल भेजने की दी गई धमकी

बात न मानने पर फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी गई। 20 फरवरी 2026 को कृष्ण मोहन सिंह को बीएसए कार्यालय बुलाया गया। वहां उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया और जेल भेजने की धमकी दी गई।

शाम को घर लौटकर उन्होंने यह सब पत्नी को बताया। अगली सुबह उनका शव पंखे से लटका मिला। मरने से पहले उन्होंने चार पेज का सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें पूरे घटनाक्रम का जिक्र है।

अभिनव त्यागी, SP सिटी गोरखपुर

SP सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि पत्नी गुड़िया सिंह की तहरीर पर BSA शालिनी श्रीवास्तव, बाबू संजीव सिंह और अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सुसाइड नोट को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *