किदवई नगर में एक कोचिंग संचालक ने हाईस्कूल की छात्रा से रेप की घटना को अंजाम दिया। आरोपी संचालक छात्रा को डरा-धमकाकर करीब एक महीने से कोचिंग सेंटर में शारीरिक संबंध बना रहा था। गुरुवार को छात्रा के कोचिंग जाने से इनकार करने पर उसने मां के सामने सच्चाई बयां की तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद परिवार वाले छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी कोचिंग संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। 15 वर्षीय पीड़िता ने कोचिंग जाने से किया इंकार बाबूपुरवा इलाके में रहने वाली छात्रा के पिता के मुताबिक उनकी 15 वर्षीय बेटी किदवई नगर स्थित एक स्कूल में 10वीं की छात्रा है। आरोपी देवेंद्र पटेल उसी स्कूल में पढ़ाता और इलाके में ही ब्राइट कोचिंग इंस्टीट्यूट भी चलाता है। उनकी बेटी उसकी कोचिंग में पढ़ने जाती थी। गुरुवार सुबह उनकी पत्नी ने बेटी कोचिंग जाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। मां के दबाव बनाने पर बेटी ने रोते हुए कोचिंग संचालक की हरकत के बारे में बताया। पीड़िता ने कहा कि दिसंबर 2025 में देवेंद्र पटेल ने बहला-फुसला कर कोचिंग सेंटर में ही उसके साथ जबरन रेप किया। उसकी इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी ने उसे माता-पिता और उसके छोटे भाई को जान से मारने की धमकी दी, जिससे बेटी बुरी तरह डर गई। इसके बाद से वह लगातार बेटी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बना रहा था। इस बात की जानकारी होने पर उन्होंने कोचिंग पहुंचकर संचालक से विरोध जताया तो आरोपी ने बेटी पर झूठा आरोप लगाकर फंसाने की बात कही। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शुक्रवार को भेजा जाएगा जेल किदवई नगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि पीड़ित छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी कोचिंग संचालक के खिलाफ रेप और पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है। छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा गया है। शुक्रवार को आरोपी कोचिंग संचालक को जेल भेजा जाएगा।


