हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बुधवार को हंडिया तहसील का औचक भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें प्राथमिक स्कूल नांदरा में दोनों शिक्षक अनुपस्थित मिले। वहीं, ग्राम आलनपुर में आंगनवाड़ी केंद्र बंद पाया गया। कलेक्टर ने इन लापरवाहियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नांदरा के प्राथमिक स्कूल में शिक्षकों की अनुपस्थिति पर कलेक्टर जैन ने जिला शिक्षा अधिकारी को दूरभाष पर निर्देश दिए। उन्होंने दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और गंभीर रूप से लापरवाह शिक्षक को निलंबित करने के आदेश दिए। आलनपुर में कार्यकर्ता का वेतन काटा जाएगा आलनपुर में आंगनवाड़ी केंद्र बंद मिलने पर कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही, सीडीपीओ और सुपरवाइजर को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए हैं। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने नांदरा की आंगनवाड़ी और आलनपुर की प्राथमिक शाला का भी निरीक्षण किया। आलनपुर में मध्यान्ह भोजन पकाने की व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने शिक्षक और रसोइया को भोजन की उत्तम गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम अशोक डेहरिया भी मौजूद थे।


