फिरोजाबाद में चाय विक्रेता की हत्या:दुकान पर सो रहे अधेड़ का सिर कुचला, पुलिस जांच में जुटी

फिरोजाबाद में चाय विक्रेता की हत्या:दुकान पर सो रहे अधेड़ का सिर कुचला, पुलिस जांच में जुटी

फिरोजाबाद के थाना टूंडला क्षेत्र में सोमवार सुबह एक चाय विक्रेता की हत्या का मामला सामने आया। जरौली कला बाईपास पर पुल के पास 45 वर्षीय तेजपाल का सिर कुचलकर उनकी हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। तेजपाल पुत्र शेर सिंह उलाऊ, थाना टूंडला के निवासी थे। उन्होंने हाल ही में 8 मार्च को जरौली कट के पास अपनी चाय-नाश्ते की दुकान शुरू की थी। सोमवार तड़के वह अपनी दुकान पर ही सो रहे थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। घटना का पता तब चला जब मृतक का बेटा कुलदीप सुबह करीब 6 बजे दुकान खोलने पहुंचा। उसने अपने पिता को खून से लथपथ मृत अवस्था में देखा। कुलदीप ने तुरंत पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर थाना टूंडला के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया और एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सुबह करीब 8:15 बजे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फिरोजाबाद भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस अज्ञात हमलावर की तलाश में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मृतक तेजपाल अपने पीछे तीन बेटियां पल्लवी, प्रिया, प्राची और एक बेटा छोड़ गए हैं। पल्लवी की शादी हो चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *