17 हजार से अधिक केस के निराकरण का लक्ष्य

रायसेन | मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष की प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोमवार को जिला न्यायालय परिसर रायसेन से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला न्यायाधीश अनिल कुमार सोहाने के मार्गदर्शन और उपस्थिति में आयोजित किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में आमजन को त्वरित और सुलभ न्याय दिलाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के मामलों का निराकरण किया जाएगा। इसमें दीवानी, फौजदारी, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति, चेक बाउंस से जुड़े प्रकरण, विद्युत, श्रम, भू-अर्जन तथा नगर पालिका और नगर निगम से संबंधित मामलों के साथ प्री-लिटिगेशन प्रकरण भी शामिल किए गए हैं। कुल 17,057 प्रकरणों को निराकरण के लिए सूचीबद्ध किया गया है। इन मामलों के समाधान के लिए जिला और तहसील न्यायालयों में कुल 26 खंडपीठों का गठन किया गया है। इनमें से 7 खंडपीठ जिला न्यायालय रायसेन में तथा 19 खंडपीठ तहसील न्यायालयों में कार्य करेंगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *