मऊगंज जिले के कुलबहेरिया गांव में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित नलजल योजना का शुभारंभ हो गया है। इस योजना को समारोहपूर्वक ग्राम पंचायत को सौंप दिया गया, जिससे अब गांव के हर घर में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित होगी। यह हस्तांतरण समारोह पीएचई विभाग की ओर से आयोजित किया गया था। इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री संजय पाण्डेय और जनपद पंचायत के सीईओ परमानंद तिवारी ने योजना का संचालन ग्राम पंचायत को सौंपा। हर घर नल कनेक्शन, सुबह-शाम होगी जल आपूर्ति अधिकारियों ने बताया कि गांव के प्रत्येक घर में नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। पानी की आपूर्ति के लिए 50 हजार लीटर क्षमता का एक सम्पवेल बनाया गया है, जहां शुद्ध पानी संग्रहित कर सुबह-शाम सप्लाई किया जाएगा। ग्राम पंचायत संभालेगी संचालन, सालभर मिलेगा स्वच्छ जल योजना के संचालन और रखरखाव में पीएचई विभाग ग्राम पंचायत को तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा। जलकर की राशि का निर्धारण और उसका संग्रह ग्राम पंचायत की ओर से किया जाएगा। इस पहल से कुलबहेरिया के ग्रामीणों को अब सालभर घर बैठे स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जनपद पंचायत के सीईओ परमानंद तिवारी विशिष्ट अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्रीमती साधना सिंह ने की। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।


