एक लाख की सुपारी देकर कराई तांत्रिक की हत्या:फरार आरोपी तमंचे समेत गिरफ्तार, तीन को पहले ही भेजा जा चुका जेल

एक लाख की सुपारी देकर कराई तांत्रिक की हत्या:फरार आरोपी तमंचे समेत गिरफ्तार, तीन को पहले ही भेजा जा चुका जेल

बस्ती में तांत्रिक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना दुबौलिया, थाना कलवारी, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस हत्याकांड में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से तमंचा, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई है। सीओ प्रदीप सिंह ने बताया कि दुबौलिया थाना क्षेत्र के भट्टपुरवा निवासी अभियुक्त अरुण कुमार को 18 जनवरी 2026 को ग्राम पायकपुर क्षेत्र के रामजानकी मार्ग से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से एक 12 बोर का तमंचा, एक बाइक और 1020 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। सीओ प्रदीप सिंह के अनुसार, बीते 26 दिसंबर 2025 को ग्राम बेमहरी टोला खूनी, थाना दुबौलिया में रामजीत उर्फ घरभरन (58) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में यह हत्या अज्ञात व्यक्तियों द्वारा की गई प्रतीत हो रही थी। हालांकि, जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी लवकुश उर्फ लालचंद ने तांत्रिक क्रियाओं से जुड़े रामजीत उर्फ घरभरन की हत्या के लिए एक लाख रुपए की सुपारी दी थी। पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि इस हत्या में सजरे आलम, विवेक उर्फ प्रदुमन चौधरी और अरुण कुमार की सक्रिय भूमिका रही। सीओ ने बताया कि इस मामले में पूर्व में ही आरोपी लवकुश उर्फ लालचंद, सजरे आलम और विवेक उर्फ प्रदुमन चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फरार चल रहे अरुण कुमार की तलाश लगातार की जा रही थी, जिसे अब दबोच लिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *