T20 World Cup: पाकिस्तान के खिलाफ फिर उलटफेर की तैयारी? अमेरिकी खिलाड़ी के बयान ने मचाई खलबली

T20 World Cup: पाकिस्तान के खिलाफ फिर उलटफेर की तैयारी? अमेरिकी खिलाड़ी के बयान ने मचाई खलबली

T20 World Cup 2026, USA vs PAK: T20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-A के सबसे चर्चित मुकाबले यानी अमेरिका बनाम पाकिस्तान को लेकर पूरी दुनिया में उत्साह है। कौन भूल सकता है कि पिछले वर्ल्ड कप में अमेरिका ने सुपर ओवर में पाकिस्तान को हराकर सबको चौंका दिया था। उस हार की वजह से ही बाबर आजम की कप्तानी वाली टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। अब एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने हैं और सबकी नजरें इस बात पर हैं कि क्या अमेरिका दोबारा वही करिश्मा कर पाएगा? खासकर तब, जब पाकिस्तान नए कप्तान सलमान अली आगा की कप्तानी में खेल रहा है।

मोहसिन का माइंड गेम

मैच से एक दिन पहले अमेरिका के स्पिन-ऑलराउंडर मोहम्मद मोहसिन ने विरोधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाना शुरू कर दिया है। उन्होंने पाकिस्तान को उनकी पुरानी हार याद दिलाते हुए कहा कि दबाव अमेरिका पर नहीं, पाकिस्तान पर होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोहसिन ने कहा, ‘हमने सिर्फ उन सकारात्मक चीजों पर बात की है जो हमें पिछले मैच और पाकिस्तान के खिलाफ मिली थीं, क्योंकि हम उन्हें एक बार हरा चुके हैं। मुझे लगता है कि सारा दबाव अब उन पर है। हमारे पास इस वर्ल्ड कप में खोने के लिए कुछ नहीं है। हम बस अपने सफर का आनंद ले रहे हैं और उम्मीद है कि कल की जीत के साथ यह सफर और भी शानदार हो जाएगा।’

पाक की मुश्किलभरी शुरुआत

पाकिस्तान ने इस वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में नीदरलैंड्स को जैसे-तैसे हराया। फहीम अशरफ की तूफानी पारी की बदौलत पाकिस्तान ने 3 गेंद शेष रहते 3 विकेट से जीत दर्ज की। एक वक्त पर पाकिस्तान 148 रनों का पीछा आसानी से कर रहा था, लेकिन बीच के ओवरों में विकेट गिरने से नीदरलैंड्स ने वापसी कर ली थी। अगर मैक्स ओडॉड ने फहीम अशरफ का कैच न छोड़ा होता, तो नतीजा कुछ और हो सकता था।

पहले से ज्यादा मजबूत है अमेरिका

मोहसिन का मानना है कि इस बार की अमेरिकी टीम पिछले वर्ल्ड कप के मुकाबले ज्यादा स्किलफुल और मजबूत है। उन्होंने कहा, ‘हमारी टीम अब और भी बेहतर हुई है। इसलिए हमें उम्मीद है कि कल हम उनके खिलाफ एक अच्छा मैच खेलेंगे और फिर से जीत हासिल करेंगे। हमने पिछली जीत के आत्मविश्वास को आगे बढ़ाने पर बात की है।’

जब अमेरिका के सामने लड़खड़ाया भारत

कप्तान मोनांक पटेल की अमेरिकी टीम भले ही भारत के खिलाफ अपना पहला मैच हार गई, लेकिन उन्होंने सूर्यकुमार यादव की टीम को कड़ी टक्कर दी। एक समय पर भारत का स्कोर 77/6 था, लेकिन सूर्या की बल्लेबाजी से भारत 161/9 तक पहुंचा। अंत में अमेरिका यह मैच 29 रनों से हार गया, लेकिन उनके प्रदर्शन की हर तरफ तारीफ हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *