शाजापुर में श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज महिला संगठन ने गणगौर पर्व के अवसर पर शुक्रवार शाम 5 बजे शोभायात्रा निकाली। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां शामिल हुईं। शोभायात्रा का नगर के विभिन्न स्थानों पर समाज के वरिष्ठजनों, नगर समिति, युवा संगठन और जिला संगठन द्वारा स्वागत किया गया। महिला संगठन की नगर अध्यक्ष नीता शिवाजी सोनी ने बताया कि यह पर्व वरिष्ठ संरक्षकों एवं मार्गदर्शकों के सानिध्य में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मनाया गया। यात्रा लक्ष्मीनारायण मंदिर, वजीरपुरा से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए श्री ओंकारेश्वर महादेव मंदिर, धान मंडी पर समाप्त हुई। यहां महिलाओं ने भगवान महादेव की पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी आयु, परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।


