शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद महाविद्यालय को अब विश्वविद्यालय का दर्जा मिल गया है। बुधवार को वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने इसके लिए 21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। यह राशि शाहजहांपुर में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए आवंटित की गई है। विश्वविद्यालय के लिए बजट आवंटन के बाद प्रोफेसर डॉ. अनुराग अग्रवाल ने प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं, स्वामी शुकदेवानंद महाविद्यालय के अधिष्ठाता और पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। स्वामी चिन्मयानंद ने कहा, “हमने तो उनको 100 करोड़ रुपये की संपत्ति दे दी है। यहां पहले से ही बिल्डिंग, क्लासरूम और अन्य आवश्यक इन्फ्रास्ट्रक्चर मौजूद है।” उन्होंने आगे कहा कि दिया गया बजट कम है, लेकिन उनके लिए यह अधिक महत्वपूर्ण है कि शाहजहांपुर जिले को एक विश्वविद्यालय मिल गया है, जो स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें वैसे बजट की कोई खास जरूरत नहीं थी। यदि कोई नया विश्वविद्यालय बनता, तो उसके लिए जमीन खरीदने और निर्माण करने में अधिक बजट लगता। चिन्मयानंद ने कहा कि वे इस बजट पर कुछ नहीं कहना चाहते, लेकिन विश्वविद्यालय की स्थापना एक स्वागत योग्य पहल है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की संपति की कीमत करीब 100 करोड़ रुपये है। उन्होंने जो भी बजट दिया है। अभी उसकी हमे जानकारी नही है। विश्विद्यालय तो उनको चलाना है।


