विवाहिता की संदिग्ध मौत:फर्रुखाबाद में परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया

विवाहिता की संदिग्ध मौत:फर्रुखाबाद में परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया

फर्रुखाबाद में गुरुवार दोपहर को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर उत्पीड़न के बाद हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को डायल 112 के माध्यम से एक अज्ञात कॉलर ने विवाहिता के फांसी लगाने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कोतवाली पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और चौकी प्रभारी अनिल सिकरवार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राहुल यादव की पत्नी नेहा यादव अपने घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटकी मिलीं। घटना के समय घर की लाइट बंद थी और ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर चले गए थे। सूचना मिलने पर मृतका के पिता रामभरन और माता सुनीता देवी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर नेहा को प्रताड़ित करने और फिर उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका का पति सेना में कार्यरत है और कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था। घर में उसकी नन्द और सास रहती हैं, लेकिन घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कमरे में बिछी चारपाई पर तसला रखकर साड़ी के सहारे छत में लगे कड़े से फंदा लगाया गया था। मृतका नेहा यादव का एक दो वर्षीय पुत्र लक्ष्य है। नेहा की शादी 15 मई 2023 को जनपद औरैया के थाना बेला क्षेत्र के ग्राम पुरवा दयम खां निवासी राहुल यादव के साथ हुई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह मामला आत्महत्या का है या हत्या का। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *