कासगंज के सोरों थाना क्षेत्र के फरीदनगर गांव में मंगलवार शाम करीब पांच बजे एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान नेनेश पत्नी वीरेश के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर फांसी लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई लोकेंद्र ने बताया कि नेनेश का विवाह फरीदनगर निवासी वीरेश पुत्र मुन्नालाल से हुआ था। नेनेश मूल रूप से कासगंज कोतवाली क्षेत्र की गंगेश्वर कॉलोनी (16 बीघा) निवासी हंसराज सिंह की पुत्री थीं। परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं, जिनमें नेनेश सबसे छोटी थीं। उनकी छह माह की एक बेटी कलावती भी है। लोकेंद्र ने आरोप लगाया है कि नेनेश की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। उनके अनुसार, विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा नेनेश को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। मायके पक्ष का दावा है कि दहेज विवाद के चलते ही उसकी फांसी लगाकर हत्या की गई है। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद ससुराल पक्ष ने नेनेश को मृत अवस्था में जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया। हालांकि, मायके वालों के अस्पताल पहुंचते ही ससुरालीजन मौके से फरार हो गए। इस संबंध में ससुराल पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सूचना मिलने पर सोरों थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी सतीश चंद्र का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


